बड़ा हादसा: तेज धमाके के साथ पूरा मकान हुआ धराशायी, 2 मौत, पांच लोग घायल….

लखीमपुर खीरी के जंगबहादुरगंज कस्बे में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां एक मकान में तेज धमाका हो गया, जिससे पूरा मकान धराशायी हो गया। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई है। मरने वाले मां-बेटे बताए गए हैं। कई लोग घायल हुए हैं। घर के आसपास बंधे मवेशी भी चपेट में आ गए, जिससे दो मवेशी भी मर गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

जानकारी के मुताबिक जंगबहादुरगंज में बब्बू का मकान है। उसके मकान में शाहजहांपुर के गांव दबौरा निवासी मोहम्मद नबी (40) अपनी पत्नी हलीमा (30) और पुत्र जीशान (14) के साथ किराये पर रहता था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अचानक तेज धमाका हो गया, जिससे पूरा मकान जमींदोज हो गया। धमाका इतनी तेज था कि पड़ोसी के मकान का लिंटर भी गिर गया। 

मलबे में दब गए थे सभी लोग 

मकान ढहने से दोनों परिवार के कई लोग मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने हलीमा और उसके पुत्र जीशान को मृत घोषित कर दिया। 

मोहम्मद नवी, मकान मालिक बब्बू, उसकी पत्नी पीर बानो, पुत्री अलीना और मोहम्मद शमद घायल है। इनकी हालत गंभीर बताई गई है। परिवार वालों का कहना है कि गैस सिलिंडर लीकेज होने से हादसा हुआ है। वहीं ग्रामीण इसे संदिग्ध मान रहे हैं। मौके पर एक सिलिंडर सही मिली है। मकान में पटाखा बनाने का कार्य होने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस ने इससे इनकार किया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *