भिलाई में भाजपा ने फूंका पाकिस्तान का पुतला:पहलगाम में हुए आतंकी हमले का किया विरोध, लगाए आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे

जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार रात सिविक सेंटर में बड़ी संख्या में भाजपा और हिंदू संगठन के लोग जमा हुए। उन्होंने इस दौरान जुलूस निकालकर पाकिस्तान का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा निहत्थे हिन्दू पर्यटकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस नृशंस घटना से पूरे देश में आक्रोश है। इसके विरोध में देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोग इस घटना की घोर निंदा कर रहे हैं। इसी कड़ी में भिलाई में भी जम्मू-कश्मीर अध्ययन केंद्र (छत्तीसगढ़ प्रांत) और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सिविक सेंटर में विरोध प्रदर्शन किया गया है।

इस विरोध प्रदर्शन में भिलाई के सिविक सेंटर में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने पूरे सिविक सेंटर मार्केट में आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। लोगों ने विरोध में पाकिस्तान मुर्दाबाद,आतंकवाद मुर्दाबाद जैसे नारे लगाए। इसके बाद सभी ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का पुतला दहन किया।

इस दौरान प्रदर्शनकारियों में काफी आक्रोश देखने को मिला। उन्होंने लोगों का आक्रोश जगाने के लिए “जिस हिंदू का खून ना खौला, खून नहीं वो पानी है” जैसे नारे लगाए। प्रदर्शनकारी गगन गोयल ने आरोप लगाया कि ये पाकिस्तान के द्वारा एक सोची-समझी साजिश के तहत किया गया है। इसे भारत कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।

कहा- पाकिस्तान को मिलेगा इसका करारा जवाब

भाजपा नेता प्रशम दत्त ने कहा हिंदुस्तान के कोने-कोने से पर्यटक शांति और सुकून की तलाश में पहलगाम गए थे, उन्हें आतंकवादियों ने जानबूझकर निशाना बनाकर मार डाला। अब बहुत हो चुका। पाकिस्तान को इसका करारा जवाब मिलेगा। आज हम सभी ने इस कायरतापूर्ण कृत्य के विरोध में पाकिस्तानियों का पुतला फूंका है और हमले में मारे गए पर्यटकों को श्रद्धांजलि दी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *