2024 को लेकर सियासी बिसात बिछाने में जुटी BJP….

लखनऊ: अगले साल होने वाले लोक सभा चुनाव के लिए भाजपा में संगठनात्मक बदलाव हो सकते हैं। महाजनसंपर्क अभियान के बाद पार्टी नए सिरे से प्रदेशों के प्रभारी व सह-प्रभारी तैनात कर सकती है।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह की जगह गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल को उप्र का प्रभारी बनाए जाने की चर्चा तेज है। राधा मोहन सिंह नवंबर 2020 में उप्र के प्रभारी बनाये गए थे। माना जा रहा है कि राज्यों में नए सिरे से प्रभारियों की तैनाती के क्रम में उनकी जगह सीआर पाटिल ले सकते हैं।

गुजरात विधान सभा चुनाव में भाजपा की जीत में पाटिल की खास भूमिका थी। जमीनी स्तर पर चुनाव प्रबंधन के माहिर कहे जाने वाले पाटिल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी भी हैं। प्रदेश भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं को भी अन्य राज्यों में होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

इनमें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह शामिल हैं। प्रदेश भाजपा में भी संगठनात्मक बदलाव हो सकते हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने बीती 25 जनवरी को अपनी नई टीम घोषित की थी।

इसी के साथ उन्होंने पार्टी के सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों में नए क्षेत्रीय अध्यक्ष तैनात किए थे। माना जा रहा है कि महाजनसंपर्क अभियान के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष अपनी टीम में बदलाव कर सकते हैं। एक दर्जन जिलों के जिलाध्यक्ष भी बदले जा सकते हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *