विरोधियों पर झूठे मामले दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाने जा रही है भाजपा-अखिलेश यादव

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने विरोधियों पर झूठे मामले दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाने जा रही है। लोकसभा चुनाव में जनता वोट डालकर उसके घमंड को चूर-चूर कर देगी। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक निजी समाचार चैनल के कार्यक्रम में कहा कि क्या सरकार और भाजपा के लोग लोगों के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कराने का ब्रह्माण्ड रिकॉर्ड बनाने जा रहे हैं? उन्होंने अपने विरोधियों पर झूठे मामले दर्ज किए हैं। उत्तर प्रदेश में ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां लोगों को झूठे मामलों में फंसाया गया। सपा प्रमुख के बयान की क्लिप सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पार्टी के आधिकारिक हैंडल से भी साझा की गई है।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि केवल बैंक खाते ही सीज नहीं किए जा रहे हैं, मुख्यमंत्रियों को भी पकड़ा जा रहा है। यह भाजपा की हार का डर नहीं है, सही बात यह है कि भाजपा हार गई है। अगर हारने का डर होता तो वे चुनाव का सामना कर रहे होते। वे हार गए हैं, इसलिए वे माहौल बदलने के लिए ये चीजें कर रहे हैं। भाजपा चुनावी बॉण्ड मामले में फंस गई है, उसके पास इसका कोई जवाब नहीं है, गारंटी की जो घंटी वे बजा रहे हैं, वह इस बार काम नहीं करेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *