गंगासागर से गाडरवारा लौट रही तीर्थयात्रियों से भरी बस पलटी, एक दर्जन से ज्‍यादा घायल

रायसेन ।   जिले के सिलवानी कस्‍बे में जमुनिया घाटी पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बस में सवार कुछ लोग घायल हो गए। घायलों की संख्‍या 15-16 बताई जा रही है। यह बस गंगासागर से गाडरवारा लौट रही थी। हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ। मौके पर विधायक रामपाल सिंह राजपूत के सचिव भोले शंकर पाराशर ने पहुंचकर तत्काल पुलिस प्रशासन एवं अन्य लोगों को सूचना दी। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्‍पताल भिजवाया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक तीर्थाटन से लौट रही आरएस तोमर ट्रैवल्स की बस जिसका नंबर जीएस 01 एफटी 4603 है, गुरुवार सुबह अचानक पलट गई। एक सप्ताह पहले यह तीर्थयात्री गंगासागर गए थे। वहां से वापस आते हुए हादसा हुआ है। करीब 15-16 लोग घायल हुए हैं।

जमुनिया घाटी पर अक्‍सर होते हैं हादसे

सिलवानी की जमुनिया घाटी पर आए दिन हादसा होते हैं। यहां घाटी पर चढ़ाई अधिक व मोड़ के कारण वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में व्यस्त थे। हादसा की सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी भारत सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों के बयान दर्ज किए हैं। बताया जा रहा है कि सुबह कोहरा था, सामने से मोड़ पर वाहन दिखाई नहीं देने के कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *