‘कोई हमारे पायलटों को ढूढ़ सकता है?’ ईरानी संसद के स्पीकर ने उड़ाया अमेरिका का मजाक, F-15 गिराए जाने पर कही ये बात

तेहरान: ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने F-15E फाइटर जेट मार गिराए जाने पर अमेरिका का मजाक उड़ाया है। यह तब हुआ जब शुक्रवार को ऐसी खबरें आईं कि ईरानी बलों ने अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया है। अमेरिका ने फाइटर जेट में सवार एक पायलट को एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बचा लिया, लेकिन अभी भी दूसरे पायलट के बारे में कोई जानकारी नहीं है और विरोधाभासी खबरें आ रही हैं।

मोहम्मद बाघेर गालिबफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "ईरान को लगातार 37 बार हराने के बाद उन्होंने जो यह बिना रणनीति वाला शानदार युद्ध शुरू किया था, वह सत्ता परिवर्तन से घटकर, ‘अरे! क्या कोई हमारे पायलटों को ढूढ़ सकता है? प्लीज?’ तक आ गया है।" उन्होंने आगे कहा, ‘वाह, क्या जबरदस्त तरक्की है। सचमुच के जीनियस।’

ईरान ने मार गिराया अमेरिकी F-15E

अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार को एक अमेरिकी लड़ाकू विमान ईरान में मार गिराया गया। पहले ईरानी मीडिया में दावा किया गया कि उसने अमेरिकी F-35 को मार गिराया गया। हालांकि, कुछ देर में साफ हो गया कि यह एक अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल था। विमान में दो पायलट सवार थे।

एक पायलट रेस्क्यू, दूसरे की तलाश

इसके बाद पायलटों की तलाश के लिए अमेरिकी सेना ने साहसिक बचाव अभियान शुरू किया। CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, दो क्रू सदस्यों में से एक को बचा लिया गया है। लेकिन अभी भी दूसरे पायलट के बारे में पता नहीं चल पाया है। इस बीच ईरान ने भी दूसरे पायलट को पकड़ने की कोशिश शुरू कर दी है। ईरान की सेना ने अमेरिकी पायलट के बारे में जानकारी देने वाले को 60,000 डॉलर इनाम देने की घोषणा की है।

अमेरिका ने खोए चार F-15E फाइटर जेट

ईरान के खिलाफ युद्ध में यह पहली बार है जब अमेरिका को ईरानी हमले में अपने फाइटर जेट का नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, अमेरिका को अन्य विमानों को नुकसान उठाना पड़ा है। 2 मार्च को कुवैत में तीन F-15E विमान गिर गए थे। उस समय अमेरिका ने कहा था कि तीनों विमान फ्रेंडली फायर में मार गिराए गए थे। अमेरिका ने 27 मार्च को जमीन पर अपना एक E-3 सेंट्री AWACS विमान भी खो दिया, जिसे ईरानी ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *