दमोह जिला जेल में खुलेगी कैंटीन

 महिला कैदी खरीद सकेंगी चूड़ी-बिंदी-क्रीम और पुरुष कैदी नारियल-अगरबत्ती

भोपाल । दमोह जिला जेल में अब महिला कैदी अपनी पसंद की चूड़ी, बिंदी, क्रीम और सुहाग की सामग्री लेकर शृंगार कर सकेंगी। वहीं पुरुष कैदी नारियल, अगरबत्ती, धूप बत्ती से लेकर सलाद, नमकीन, मूंगफली दाने, गुड़ सहित कई पसंदीदा वस्तुएं ले सकेंगे। बता दें अब जिला जेल में कैंटीन खुलने वाली हैं। जेल में खुलने जा रही इस कैंटीन से कैदियों के लिए हर माह 1500 रुपये का सामान अलग से लेने की सुविधा प्रदान की जाएगी।
जेल विभाग द्वारा अभी प्रदेश में केवल दो केंद्रीय जेलों में कैंटीन का संचालन किया जा रहा है। अब प्रदेश की सभी जिला जेलों में कैंटीन की सुविधा प्रारंभ की जाएगी। इसी क्रम में दमोह जिला जेल में भी कैंटीन की सुविधा शुरू की जाएगी। महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं अरविंद कुमार ने इसके लिए जिला जेल अधीक्षक को पत्र लिखकर जिला जेल में कैंटीन शुरू करने को कहा है।

जांच और पूरी सुरक्षा के साथ मिलेगी सामग्री
कैंटीन के स्थान की सुरक्षा, कर्मचारी, स्टेशनरी की व्यवस्था जिला जेल को करना होगी। जेल की कैंटीन में प्रिंटेड कैरी बैग में सामग्री अधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारी मांगपत्र से मिलान कर कैदी को सामग्री सुपुर्द करेंगे। सामान की सघन तलाशी के बाद ही कैदियों को यह प्रदाय की जाएगी। भेजी गई सामग्री और जमा राशि का पूरा ब्यौरा भी कैंटीन संचालक को रखना होगा।

कैदी सक्षम नहीं तो परिजन जमा कर सकेंगे पैसे
बंदियों को जेल में काम करने के एवज में मेहनताना मिलता है। यह राशि जमा होती रहती है। इसमें से वे हर माह 1500 रुपये कैंटीन में सामान लेने में खर्च कर सकेंगे। यदि बंदी राशि जमा करने में सक्षम नहीं है तो उनके परिजन भी यहां कैंटीन से सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 1500 रुपये हर माह जमा करा सकेंगे। कैंटीन से माह में अधिकतम चार बार सामग्री ली जा सकेगी। एक बार में अधिकतम 375 रुपये की सामग्री ली जा सकेगी। जिला जेल के जेलर सीएल प्रजापति का कहना है कि जेल विभाग के निर्देशानुसार कैंटीन तो शुरू होना है, लेकिन दमोह में स्टाफ की कमी के चलते अभी शुरू नहीं की जा सकेगी। इसमें कुछ समय लगेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *