चैंपियंस ट्रॉफी 2025: 8 टीमों के बीच खेले जाएंगे 15 रोमांचक मुकाबले, 19 दिन तक चलेगा टूर्नामेंट

Champions Trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का आगाज 19 फरवरी से होने जा रही है. क्रिकेट के इस टूर्नामेंट की एक लंबे इंतजार के बाद वापसी होने रही है. आखिरी बार यह टूर्नामेंट 2017 में खेला गया था. तब इंग्लैंड की मेजबानी में खेले गए इस टूर्नामेंट का खिताब पाकिस्तान ने जीता था. अब लगभग 8 साल के बाद पाकिस्तान की ही मेजबानी में चैंपियंस ट्रॉफी खेली जानी है. लेकिन इस बार ये टूर्नामेंट हाइब्रिड मॉडल पर खेला जाएगा. BCCI ने टीम इंडिया को पाकिस्तान नहीं भेजा है, ऐसे में टीम इंडिया अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी. इसके अलावा बाकी टीमों के मैच पाकिस्तान में ही होंगे.

इन 8 टीमों के बीच होगी टक्कर
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में 8 टीमें खेलती हुईं नजर आएंगी. इनमें भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और इंग्लैंड की टीमें शामिल हैं. इन 8 टीमों के 2 ग्रुप में बांटा गया है. ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड की टीमें शामिल हैं. वहीं, ग्रुप बी में अफगानिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका की टीमें हैं. सभी टीमें ग्रुप स्टेज में अपनी ग्रुप की टीमों से एक-एक बार भिड़ेंगी और फिर दोनों ग्रुप की 2-2 टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी.

कहां-कहां खेले जाएंगे मुकाबले?
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान कुल 4 स्टेडियम में मुकाबले खेले जाएंगे. जिसमें 3 पाकिस्तान और 1 दुबई का स्टेडियम शामिल है. पाकिस्तान में कराची के नेशनल स्टेडियम, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम और रावलपिंडी के रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में मैच होंगे. वहीं, दुबई में टीम इंडिया अपने सभी मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी. इस टूर्नामेंट के दौरान सभी मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 2:30 बजे शुरू होंगे और टॉस दोपहर 2 बजे होगा.

भारत में कहां और कैसे देख सकते हैं मैच?
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के सभी मुकाबले टेलीविजन पर स्टार स्पोर्ट्स और स्पोर्ट्स18 चैनलों पर अलग-अलग भाषाओं में दिखाए जाएंगे. वहीं जियोस्टार नेटवर्क पर स्ट्रीम किए जाएंगे. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैंस ये मैच अंग्रेजी, हिंदी, मराठी, हरियाणवी, बंगाली, भोजपुरी, तमिल, तेलुगु और कन्नड़ भाषा में सुन पाएंगे.

ये स्टार खिलाड़ी नहीं हैं टूर्नामेंट का हिस्सा
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कई बड़े खिलाड़ी खेलते हुए नजर नहीं आएंगे. इनमें पैट कमिंस, जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, जसप्रीत बुमराह, एनरिक नॉर्खिया, गेराल्ड कोएट्जी, सैम अयूब, जैकब बैथेल, अल्लाह गजनफर, बेन सियर्स, और लोकी फर्ग्यूसन शामिल हैं. मिचेल स्टार्क अपने व्यक्तिगत कारणों से चैंपियंस ट्रॉफी नहीं खेल रहे हैं. इनके अलावा बाकी सभी खिलाड़ी चोटों से जूझ रहे हैं.

टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम
टीम इंडिया इस टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम है. भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी में अभी तक 29 मैच खेलें हैं और 18 मैचों में जीत दर्ज की है. जबकि 8 में हार का सामना करना पड़ा. उसके तीन मैच बेनतीजा भी रहे हैं. इसके अलावा भारत ने 2 बार खिताब भी जीता है. साल 2002 में टीम इंडिया और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की संयुक्त विजेता रही थीं. तब फाइनल मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. वहीं, साल 2013 में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को फाइनल में हराकर चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया था.

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का शेड्यूल-

  • 19 फरवरी, पाकिस्तान बनाम न्यूजीलैंड.
  • 20 फरवरी, बांग्लादेश बनाम भारत दुबई.
  • 21 फरवरी, अफगानिस्तान बनाम साउथ अफ़्रीका.
  • 22 फरवरी, ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड.
  • 23 फरवरी, पाकिस्तान बनाम भारत.
  • 24 फरवरी, बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड.
  • 25 फरवरी, ऑस्ट्रेलिया बनाम साउथ अफ्रीका.
  • 26 फरवरी, अफगानिस्तान बनाम इंग्लैंड.
  • 27 फरवरी, पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश.
  • 28 फरवरी, अफगानिस्तान बनाम ऑस्ट्रेलिया.
  • 1 मार्च, साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड.
  • 2 मार्च, न्यूजीलैंड बनाम भारत.
  • 4 मार्च, सेमीफाइनल 1.
  • 5 मार्च, सेमीफाइनल 2.
  • 9 मार्च, फाइनल.
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *