इंदौर में शिवराज-कैलाश की बंद कमरे में चर्चा:दोनों नेताओं ने की 18 मिनट बातचीत, केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री बाहर इंतजार करती रहीं

इंदौर में गुरुवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 18 मिनट तक बंद में कमरे में चर्चा की। इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर कमरे के बाहर खड़े होकर बैठक खत्म होने का इंतजार करती रहीं।

हालांकि दोनों सीनियर नेताओं ने अकेले में किस विषय पर चर्चा की, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। बता दें कि गुरुवार को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान इंदौर में सोयाबीन अनुसंधान केंद्र में हितग्राहियों से संवाद कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।

केंद्रीय राज्यमंत्री ठाकुर को 5 मिनट रुकने को कहा बैठक के दौरान विधायक मधु वर्मा, मनोज पटेल और बीजेपी नेता सावन सोनकर पास के कमरे में बैठे हुए थे। जबकि राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर कमरे के बाहर इंतजार कर रही थीं। वहां मौजूद अधिकारियों ने जब सावित्री ठाकुर के इंतजार करने की सूचना दी तो शिवराज ने उन्हें 5 मिनट और इंतजार करने को कहा।

बता दें कि शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय दोनों नेता 3 बजकर 13 मिनट पर कमरे में गए थे। करीब 3 बजकर 30 मिनट यानी पूरे 18 मिनट बाद कमरे से बाहर आए। मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर विजयवर्गीय ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान से सामान्य मुलाकात करने आया था।

BJYM के दौर से साथ में दोनों नेता शिवराज सिंह चौहान और कैलाश विजयवर्गीय ने लगभग एक ही समय पर राजनीति में कदम रखा और भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में पदाधिकारी रहते हुए काम किया। विजयवर्गीय ने प्रदेश की राजनीति का रुख अपनाया। विधानसभा चुनाव जीते और इंदौर के महापौर बने। वहीं चौहान ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। विदिशा से सांसद चुने गए और भाजपा के संसदीय सचिव के रूप में कार्य किया।

कैलाश विजयवर्गीय के घर पहुंचे शिवराज सिंह गुरुवार रात को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पत्नी साधना सिंह के साथ कैलाश विजयवर्गीय के इंदौर स्थित घर पहुंचे। इसकी जानकारी मंत्री विजयवर्गीय ने एक्स पर दी।

अचानक बढ़ा शिवराज का वर्चस्व 2003 में उमा भारती के नेतृत्व में भाजपा की जीत के बाद विजयवर्गीय को उनके मंत्रिमंडल में जगह मिली। लेकिन 2004 में एक लंबित मामले के चलते उमा भारती को इस्तीफा देना पड़ा और बाबूलाल गौर मुख्यमंत्री बने। इसी दौरान चौहान को भाजपा का मध्यप्रदेश इकाई अध्यक्ष बनाया गया।

गौर के कार्यकाल में पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ने लगा, जिससे नवंबर 2005 में उन्हें हटाकर शिवराज सिंह चौहान को मुख्यमंत्री बनाया गया। वहीं उमा भारती ने पार्टी छोड़कर अपनी अलग पार्टी बना ली।

हालांकि विजयवर्गीय चौहान की सरकार में सीनियर मंत्री रहे, लेकिन इसी दौर में उनके रिश्तों में खटास आनी शुरू हो गई। जैसे-जैसे चौहान ने मुख्यमंत्री पद पर अपनी पकड़ मजबूत की, विजयवर्गीय को उनका स्थान लेने की आकांक्षा रखते हुए देखा जाने लगा।

पार्टी के भीतर बढ़ते तनाव को नियंत्रित करने के लिए भाजपा हाईकमान ने विजयवर्गीय को राष्ट्रीय राजनीति में भेज दिया। उन्हें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के अधीन राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। यह एक रणनीतिक कदम था ताकि मध्य प्रदेश में उनकी राजनीतिक पकड़ सीमित की जा सके।

कृषि मंत्री को हाथ से बनी पेंटिंग गिफ्ट की इंदौर में शिवानी हर्षित गुप्ता ने शिवराज को हाथ से बनी पेंटिंग गिफ्ट की। शिवानी ने बताया की शिवराज सिंह जब मुख्यमंत्री थे तब उन्होंने स्वरोजगार योजना लोन लेकर बुटीक का काम शुरू किया था। शिवानी ने 2014 में 5 लाख का लोन लिया था। आज 5 करोड़ का प्रोजेक्ट डाल रहे है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *