प्रदेश में आज से छाने लगेंगे बादल, उत्तरी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में घने कोहरे का अलर्ट

भोपाल: एक प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के बुधवार रात से उत्तर-पश्चिमी भारत में सक्रिय होने के कारण प्रदेश में बादल छाने की संभावना है। इससे रात के तापमान में कुछ बढ़ोतरी होने से फिलहाल कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है। उधर मंगलवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 5.9 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज किया गया। ग्वालियर में हल्का कोहरा रहा। दिन का सबसे अधिक 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन में रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल एवं एवं उसके आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात मौजूद है। उत्तर भारत पर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 241 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। बुधवार रात से एक नए प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम विज्ञानी दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से बुधवार से प्रदेश के अधिकतर जिलों में बादल छा सकते हैं। साथ ही प्रदेश के उत्तरी एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के जिलों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि दिन के तापमान में भी कुछ गिरावट होने के भी आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने के बाद एक बार फिर रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।

ग्वालियर अंचल में बदल रहा मौसम

जम्मू-कश्मीर में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से फिलहाल शहर में ठंड का प्रभाव कम है। सिर्फ सुबह व शाम के समय ठंडक बनी हुई है और दिन में तेज धूप खिलने के कारण लोगों को सर्दी से राहत मिल रही है। मंगलवार को भी तेज धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ और न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही तीव्र पश्चिमी विक्षोभों की एक श्रृंखला शुरू होने वाली है, जिसके अंतर्गत बुधवार को एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में मौसम में बदलाव शुरू हो जाएगा। सर्दी में हल्का इजाफा होगा।

स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिसे की बढ़त के साथ 26.6 डिसे दर्ज किया गया। यह सामान्य से 5.0 डिसे अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 0.8 डिसे की गिरावट के साथ 10.0 डिसे दर्ज किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *