ठंड ने दी दस्‍तक, ठंडी हवाओं के बंद होने से बढ़ेगा न्यूनतम तापमान

मानसून की विदाई के बाद अब गुलाबी ठंड ने छत्‍तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब उत्तर की ओर से आने वाली ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन बंद होने जा रहा है। जिसकी वजह से न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि का क्रम बनने की संभावना है और शनिवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

वहीं, राजधानी में आकाश मुख्यत: साफ रहने के आसार हैं, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इसी बीच शुक्रवार को प्रदेश का मौसम साफ और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा।

प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस तिल्दा में, जबकि न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस नारायणपुर में दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश का अधिकतम तापमान औसत से दाे से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक चल रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक का अंतर देखने को मिल रहा है।

न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री तक नीचे

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 30 वर्षों के औसत तापमान की तुलना में प्रदेश के कुछ हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक नीचे चल रहा है। जिसमें दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर शामिल है। जबकि राजधानी में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस ज्यादा और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम चल रहा है।

29 अक्टूबर से पारा चढ़ने के आसार

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में उत्तर की ओर से शुष्क हवाओं का आगमन बंद होने के बाद से अब पूर्व की ओर से हवाओं आने की संभावनाएं बन रही हैं। जिसकी वजह से 29 अक्टूबर के बाद से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। हालांकि अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *