कलेक्टर ने नगरपालिका व पीएचई कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

सारंगढ़-बिलाईगढ़। कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने सारंगढ़ नगरपालिका कार्यालय एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर लंबित कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों कर्मचारियों को उनके कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नगरपालिका कार्यालय परिसर की साफ-सफाई का भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगरपालिका में राशन कार्ड और आधार कार्ड बनवाने आने वाले नागरिकों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था करने के निर्देश मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दिए। कलेक्टर ने सीएमओ को कहा कि, नगरपालिका में किसी को आधार कार्ड बनाने में परेशानी नहीं हो।

नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर ने लंबित फाइलों की जांच की तथा लेखा शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रुके हुए भुगतान से संबंधित सभी फाइलों को दो दिनों के भीतर प्रस्तुत कर कार्य पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही राजस्व शाखा का भी निरीक्षण करते हुए नगर क्षेत्र में दुकानों की स्थिति, राजस्व वसूली और संपत्ति कर की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संपत्ति कर की वसूली मात्र 40 प्रतिशत ही हो सकी है, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 कलेक्टर डॉ. कन्नौजे ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन अभियंता सहित सभी कर्मचारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान पानी परीक्षण प्रयोगशाला (वॉटर टेस्टिंग लैब) का निरीक्षण कर जल गुणवत्ता की जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया। कलेक्टर ने विभाग के विभिन्न शाखाओं जैसे आवक-जावक रजिस्टर, तकनीकी शाखा सहित अन्य कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और कार्यों में पारदर्शिता एवं नियमितता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करें तथा आम जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *