‘मैं मारे जाने से बच गया’, कोलंबिया के राष्ट्रपति का दावा, समुद्र के ऊपर हेलीकॉप्टर ले जाकर बचाई जान
बोगोटा: कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने दावा किया है कि सोमवार रात को वह हत्या की एक कोशिश से बाल-बाल बच गए थे। मंगलवार को एक कैबिनेट मीटिंग में गुस्तावो पेट्रो ने बताया कि किस तरह उनके हेलीकॉप्टर को लैंडिंग रोक दी गई और उन्हें समुद्र के ऊपर से होकर दूसरी जगह जाना पड़ा। इस बैठक को लाइव ब्रॉडकास्ट किया गया। पेट्रो ने कहा कि उनका हेलीकॉप्टर सोमवार रात को अपनी तय जगह पर नहीं उतर सका क्योंकि इस बात का पक्का खतरा था कि उस पर हमला हो सकता है। पेट्रो का दावा ऐसे समय में आया है जब कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव के पहले हिंसा बढ़ गई है। ड्रग तस्करों के लिए कुख्यात देश में गुरिल्ला और हथियारबंद समूहों के बीच दशकों से लड़ाई चल रही है।
चार घंटे खुले समुद्र के ऊपर रहा हेलीकॉप्टर
राष्ट्रपति पेट्रो ने मंत्रियों से कहा, हम चार घंटे के लिए खुले समुद्र के ऊपर गए और मैं ऐसी जगह पहुंच गया जहां हमें नहीं जाना था और मैं मारे जाने से बच गया। कोलंबियाई राष्ट्रपति ने दावा किया कि कुछ लोग उनके हेलीकॉप्टर पर गोली चलाने वाले थे। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इसके पीछे कौन सा व्यक्ति का समूह जिम्मेदार था।
हेलीकॉप्टर को निशाना बनाने का था प्लान
पेट्रो ने बताया कि उनका हेलीकॉप्टर कैरिबियन तट पर एक जगह उतरने वाला था, तभी अधिकारियों ने चेतावनी दी कि उसे निशाना बनाया जा सकता है। खुले समुद्र के ऊपर उड़ान पर जारी रखने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘मुझे याद नहीं कि हमने ऐसा क्यों किया, लेकिन हमने ऐसा किया।’ कोलंबिया के सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
ट्रंप से पेट्रो का तनाव
पेट्रो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खुलकर आलोचना करने वालों में से हैं और हाल के महीनों में वॉशिंगटन और बोगोटा के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं। ट्रंप खुलेआम कोलंबिया में कार्रवाई की धमकी देते रहे हैं। महीनों तक एक-दूसरे के खिलाफ तीखी बयानबाजी के बाद हाल ही में दोनों देशों के नेताओं ने मुलाकात की।कोलंबिया में पूर्व में हथियारबंद समूह के नेता रहे पेट्रो ने बार-बार चेतावनी दी है कि अगस्त 2022 में उनके राष्ट्रपति पद को संभालने के बाद से ही अपराधी नेटवर्क उन्हें मारने की कोशिश कर रहे हैं। पूर्व में बयानों में उन्होंने इवान मोर्डिस्को जैसे वॉर लार्ड का नाम लिया है। मोर्डिस्को साल 2016 के शांति समझौते के बाद कोलंबिया की रिवोल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज से अलग हुए असंतुष्ट लड़ाकों के कमांडर हैं।
