कांग्रेस समाज को बांटना चाहती है, भाजपा जातिवार गणना की विरोधी नहीं….

जबलपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा व सीधी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी दलों के गठबंधन आईएनडीआईए के लोग जातिवार गणना की बात करते हैं। भाजपा इसके विरोध में नहीं है, लेकिन कांग्रेस समाज को जातियों में बांटना चाहती है। इसका हम विरोध करते हैं।

नड्डा ने कहा कि एक देश में दो निशान, दो विधान नही चलेंगे, ये नारा पहले लगता था, लेकिन पीएम ने अनुच्छेद 370 को धराशायी कर दिया। वन रैंक वन पेंशन की मांग पीएम ने पूरी की। 2014 से पहले भारत पिछलग्गू देश के रूप में जाना जाता था। अब देश बदल चुका है। 2019 में 11वे नंबर की अर्थव्यवस्था अब ब्रिटेन को पछाड़कर पांचवें नंबर पर है। भारत 2027 में तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।

गठबंधन और परिवारवाद पर निशाना साधा

उन्होंने विपक्ष के गठबंधन और परिवारवाद पर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ पर निशाना साधते हुए नड्डा ने सवाल किया-आप बताइए कमल नाथ और उनका बेटा, परिवार की पार्टी है या नहीं। ऐसे परिवार की पार्टियों को घर बैठाना है।

मोदी पर एक दाग नहीं- नड्डा

उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे परिवार के माता, बेटा और बेटी को भारत का मन क्या समझ में आएगा। वह हारी हुई लड़ाई लड़ रहे हैं। मोदी जी को गालियां बकते हैं, जेल में भेजने की बात करते हैं। इन्हें नहीं पता है कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहते हुए मोदी पर एक दाग नहीं है। एक कहावत है 'एक तरह के पंख वाले एक साथ हैं'। परिवार और भ्रष्टाचारियों को बचाने वाले भ्रष्टाचारी इकट्ठे हो रहे हैं। भ्रष्टाचार में कांग्रेस ने अंतरिक्ष, वायु, धरती को नहीं छोड़ा। गठबंधन के नेता जेल में हैं या बेल पर हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *