कांग्रेस विजय अभियान का शंखनाद महाकोशल से करेगी, जबलपुर में प्रियंका का रोड शो होगा

भोपाल ।  मध्य प्रदेश में नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस विजय अभियान का शंखनाद इस बार महाकोशल से करेगी। जबलपुर में पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा का रोड शो होगा। वे कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और फिर जनसभा को भी संबोधित करेंगी। ग्वारीघाट में मां नर्मदा के पूजन कार्यक्रम की भी तैयारी की जा रही है। गौरतलब है कि वर्ष 2018 में भी राहुल गांधी ने चित्रकूट से चुनाव प्रचार की शुरूआत की थी। फिर जबलपुर आकर रोड शो किए थे। कार्यक्रम की तैयारी के लिए 20 मई को प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर जबलपुर में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। वर्ष 2018 में विधानसभा चुनाव MP Election 2023 के अभियान की शुरुआत कांग्रेस ने विंध्य क्षेत्र से की थी। तब तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी ने चित्रकूट में कामता नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद का दो दिवसीय दौरा प्रारंभ किया था। उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह उनके साथ थे। इस बार पार्टी ने महाकोशल क्षेत्र से चुनाव अभियान प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का यहां प्रदर्शन बेहतर रहा था।

क्षेत्र में कुल 38 विधानसभा क्षेत्र हैं, जिनमें से 13 अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सुरक्षित हैं। इनमें 11 पर कांग्रेस और दो भाजपा ने विजय प्राप्त की थी। इधर 2022 में नगरीय निकाय के चुनाव में जबलपुर में महापौर भी कांग्रेस का चुना गया है। पार्टी यहां अपनी स्थिति और मजबूत करना चाहती है, इसलिए विजय अभियान 2023 का शंखनाद जबलपुर से करने का निर्णय लिया है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार प्रियंका गांधी वाड्रा तीन किलोमीटर का रोड शो करेंगी। वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और फिर जनसभा होगी। इस बीच मां नर्मदा के पूजन का कार्यक्रम भी स्थानीय नेताओं ने प्रस्तावित किया है। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सदस्य विवेक तन्खा सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता, विधायक, कांग्रेस के सभी सहयोगी संगठनों के प्रदेश अध्यक्ष उपस्थित रहेंगे।

महिलाओं से जुड़े कार्यक्रम की होगी घोषणा

प्रियंका गांधी वाड्रा की उपस्थिति में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर महिलाओं के लिए जो योजना या कार्यक्रम लागू किए जाएंगे, उसकी घोषणा भी की जाएगी। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि महिलाओं के लिए पार्टी सरकार बनने पर नारी सम्मान योजना लागू करेगी। इसमें डेढ़ हजार रुपये प्रतिमाह और पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर दिया जाएगा।महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कार्यक्रम भी घोषित किया जा सकता है।

इनका कहना है

महाकोशल से कांग्रेस का "विजय अभियान-2023" प्रारंभ हो रहा है। इसमें प्रियंका शामिल होंगी। इसके साथ ही मप्र में कांग्रेस का चुनाव प्रचार अभियान प्रारंभ होगा।

केके मिश्रा, अध्यक्ष मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *