भाजयुमो युवा चौपालों से नव मतदाताओं को जोड़े – विष्णु दत्त शर्मा

भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा भविष्य की भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी की रीति-नीति से युवाओं को जोड़ने और सरकार की युवा नीति बूथ के यूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मोर्चा कार्यकर्ताओं की है। सभी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने जिलों के सभी बूथों को सशक्त कर भाजपा की महाविजय को सुनिश्चित करना है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक मे कही। बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार और मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बबीता फोगाट ने संबोधित किया। बैठक में मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा हुई।
हमारे विचार और नेतृत्व पर आक्रमण करने वालों को सत्य और तथ्य से जबाव दें -हितानंद
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने कहा कि लगातार युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी केन्द्र और प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवा नीति भी लागू कर दी है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि युवा नीति प्रदेश के सभी युवाओं तक पहुंचे। हितानंद जी ने कहा कि आगामी युवा चौपाल अभियान के माध्यम से मोर्चा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ें। 
यूथ कनेक्ट अभियान को गति देगा युवा चौपाल कार्यक्रम – वैभव पंवार
भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस 6 अप्रैल को युवा मोर्चा प्रदेश के 1070 मंडलों में युवा चौपाल कार्यक्रम का शुभारंभ करेगा और यूथ कनेक्ट अभियान को गति देगा। पंवार ने बताया कि आगामी समय में युवा चौपाल के बाद युवा संकल्प यात्रा, युवा संभागीय सम्मेलन और युवा महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन युवा मोर्चा द्वारा किए जाएंगे।
प्रदेश स्तरीय बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सम्मिलित हुए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *