भाजपा सरकार में चरम पर है भ्रष्टाचार-अखिलेश यादव 

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। सभी योजनाओं में बिचौलिए उगाही करते है। इस सबकी जानकारी होते हुए भी सरकार की आंखे बंद हैं। सपा अध्यक्ष ने कहा कि ताजा मामला कन्नौज का है। जहां प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार के कारण युवती ने सुसाइड कर लिया। प्रधानमंत्री आवास के नाम पर कन्नौज की तिर्वा निवासी सोनम को ठगा गया। इस कारण वह बहुत दुःखी थी। भाजपा सरकार की प्रदेश और केन्द्र की योजनाओं में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा है। बजट की लूट हो रही है। कोई योजना जमीन पर नहीं दिखाई दे रही है। 
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त है। सरकार जनता के डेंगू, मलेरिया बुखार तक का इलाज उपलब्ध नहीं करा पा रही है। अस्पतालों में दवाए और अन्य सुविधाएं नहीं है। जनता परेशान और बेहाल है। सरकार पिछले छह साल से गड्ढ़ामुक्त योजना चला रही है लेकिन सड़कों के गड्ढे नहीं खत्म हो रहे है। गड्ढ़ा मुक्त योजना के नाम पर कई हजार करोड़ रूपए बजट की लूट हो गई है लेकिन सड़कों की हालत बद से बदतर होती जा रही है। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार इस कदर बढ़ गया है कि अब मामला सरकारी बजट की लूट से आगे बढ़कर आम जनता को लूटा और ठगा जा रहा है। भाजपा राज में योजनाओं का हल्ला ज्यादा है, लोगों को लाभ नहीं हो रहा है। जनता का हर वर्ग उत्पीड़न का शिकार है। भ्रष्टाचार से आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *