Covid-19: कोरोना के नए वेरिएंट ने फिर बढ़ाई लोगों की चिंता..

कोरोना वायरस के एक नए और उच्च म्यूटेटेड वैरिएंट का वैज्ञानिकों ने पता लगाया है। इस वैरिएंट को बीए.2.86 नाम दिया गया है। कोरोना के इस वैरिएंट को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने गहरी चिंता जाहिर की है। बता दें कि जुलाई के अंत से अब तक इस वैरिएंट के चार अलग-अलग देशों में मरीज मिल चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कोरोना के नए वैरिएंट बीए.2.86 का एक-एक मरीज अमेरिका, ब्रिटेन और इस्राइल में मिल चुका है। वहीं डेनमार्क में इस वैरिएंट से संक्रमित तीन मरीज मिले हैं। 

कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील
वैज्ञानिक इस वैरिएंट पर करीब से नजर रखे हुए हैं। इसकी वजह ये है कि इस वैरिएंट में 36 म्युटेशन दिखे हैं, जो इसे कोरोना के मौजूदा प्रभावी कोरोना वैरिएंट एक्सबीबी.1.5 से इसे अलग करते हैं। हालांकि अभी तक इस बात के सबूत नहीं मिले हैं कि कोरोना का यह नया वैरिएंट तेजी से फैलता है और लोगों को गंभीर रूप से बीमार करता है लेकिन अमेरिका के सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन सेंटर ने नए वैरिएंट को देखते हुए लोगों को कोरोना गाइडलाइंस का पालन करने की अपील की है। 

हाल ही में अमेरिका, यूरोप और एशिया में कोरोना के मामले बढ़े हैं और अधिकतर मरीजों में कोरोना के ओमिक्रोन के ईजी.5 सबवैरिएंट का संक्रमण मिला है। ओमिक्रोन वैरिएंट पहली बार नवंबर 2021 में मिला था और उस दौरान अमेरिका में कोरोना संक्रमित होने वाले लोगों में 17 प्रतिशत मरीज ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित हुए। अभी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है लेकिन राहत की बात ये है कि अस्पताल में भर्ती होने वाले लोग अभी काफी कम हैं लेकिन बीए.2.86 को लेकर आशंका जताई जा रही है कि इससे संक्रमित मरीज गंभीर रूप से बीमार हो सकते हैं। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *