रो दे, रो दे… विराट कोहली ने लिए कुलदीप यादव के मजे, वायरल हो रहा वीडियो

नई दिल्ली: चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज में 20.78 की औसत के साथ 9 विकेट हासिल किए। वह इस सीरीज में सर्वाधिक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज रहे। इस शानदार प्रदर्शन के लिए कुलदीप यादव को ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ का अवॉर्ड दिया गया।

बीसीसीआई ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने कहा, ‘दोस्तों, मुझे इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज को प्रस्तुत करने का सम्मान मिला है। मेरा मानना है कि ऐसी सीरीज में जहां हर किसी ने योगदान दिया है, हम अक्सर यह कहते हैं, लेकिन इस सीरीज में आप सभी ने तीनों मुकाबलों में योगदान दिया। एक ऐसी सीरीज में जहां अधिकतर मुकाबलों में बल्लेबाजी हावी रही, इस सीरीज के ‘इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द सीरीज’ कुलदीप यादव हैं।’

इस अवॉर्ड को हासिल करने के बाद कुलदीप यादव अपनी सीट की तरफ जाने लगे। इस बीच किसी ने स्पीच देने को कहा। वह कुछ बोलने जा रहे थे, तभी विराट कोहली ने कमेंट करते हुए कहा- रो दे, रो दे। इसके बाद सभी हंस पड़े। कुलदीप यादव ने फिर कहा, ‘मेरी तरफ से कुछ खास नहीं है। विराट भाई और जैसू (यशस्वी जायसवाल) को बधाई, उन्होंने जबरदस्त पारी खेली।’कुलदीप यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रांची में खेले गए वनडे मैच में 68 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने दूसरे मुकाबले में 78 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। कुलदीप यादव ने सीरीज के अंतिम मुकाबले में 4 विकेट निकालकर भारत को 2-1 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई। कुलदीप यादव अब तक भारत की तरफ से 117 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 26.29 की औसत के साथ 191 विकेट हासिल किए हैं।
भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो मुकाबलों की टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाई, जिसके बाद वनडे सीरीज को जीतकर हिसाब बराबर किया। अब दोनों देशों के बीच कटक (9 दिसंबर), न्यू चंडीगढ़ (11 दिसंबर), धर्मशाला (14 दिसंबर), लखनऊ (17 दिसंबर) और अहमदाबाद (19 दिसंबर) में पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज खेली जाएगी।
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *