क्यूबा के बॉर्डर गार्ड की अमेरिका में रजिस्टर्ड बोट से मुठभेड़, 4 लोगों की मौत, अमेरिकी विदेश मंत्री का आया रिएक्शन
हवाना: क्यूबा ने कहा है कि अमेरिका में रजिस्टर्ड एक स्पीडबोट पर सवार होकर क्यूबा के पानी में घुसे चार लोगों की कोस्ट गार्ड के साथ फायरिंग में मौत हो गई। क्यूबा के गृह मंत्रालय ने कहा कि स्पीड बोट ने बुधवार को उनके इलाके के पानी में घुसपैठ की, जिससे क्यूबा के कोस्ट गार्ड के साथ टकराव हुआ। क्यूबा के उत्तरी तट पर एक द्वीप के पास हुई इस घटना में छह और यात्री घायल हो गए। क्यूबा के गृह मंत्रालय ने घटना के बारे में बयान सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसमें बताया गया है कि क्यूबा के बॉर्डर गार्ड का एक कमांडर भी घायल हुआ है।
बयान में कहा गया कि अमेरिका में रजिस्टर्ड बोट पर सवार लोगों ने फायरिंग शुरू की। इसमें बताया गया कि जब बॉर्डर गार्ड सैनिकों की एक यूनिट जांच के लिए बोट के पास पहुंची, तो उसमें सवार लोगों ने फायरिंग कर दी। इससे क्यूबा का एक कमांडर घायल हो गया। इसके बाद बॉर्डर फोर्स की बोट पर सवार लोगों से मुठभेड़ शुरू हो गई। इस घटना के बाद अमेरिका और क्यूबा के बीच तनाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
अमेरिकी विदेश मंत्री का आया बयान
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका जवाब देने से पहले इस घटना की स्वतंत्र जांच करेगा। रुबियो ने कहा कि ‘हम पता लगाएंगे कि वहां असल में क्या हुआ था और फिर हम उसी हिसाब से जवाब देंगे’। उन्होंने यह भी कहा कि नाव पर सवार लोगों की राष्ट्रीयता साफ नहीं है और अमेरिका तथ्यों के हिसाब से फैसला करेगा। ‘अभी हम तथ्य इकठ्ठा कर रहे हैं।’रुबियो ने कहा, ‘खुले समुद्र में इस तरह की गोलीबारी देखना बहुत असामान्य है। ऐसा रोज नहीं होता। सच कहूं तो, क्यूबा के साथ ऐसा बहुत लंबे समय से नहीं हुआ है।’ उन्होंने बताया कि अमेरिका कोस्ट गार्ड क्यूबा के बॉर्डर गार्ड के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका क्यूबा सरकार की दी गई जानकारी पर भरोसा नहीं करेगा और मामले के तथ्यों की खुद जांच करेगा।
अमेरिका और क्यूबा में जारी है तनाव
यह घटना अमेरिका और क्यूबा के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है। क्यूबा इस समय तेल संकट का सामना कर रहा है, जो इलाके में उसके पुराने सहयोगी वेनेजुएला से तेल शिपमेंट पर अमेरिकी रोक के बाद और बिगड़ गया है। बुधवार की घटना के बाद फ्लोरिडा के कई सांसदों ने क्यूबा सरकार की आलोचना की और जांच की मांग की। फ्लोरिडा से कांग्रेस सदस्य कार्लोस जिमेनेज ने इसे नरसंहार कहा और जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों को पता लगाना होगा कि पीड़ितों में क्या कोई अमेरिकी नागरिक था।
