फ्रांस पहुंच रक्षामंत्री सिंह ने फ्रांसीसी सशस्त्र बल मंत्री से मुलाकात की 

पेरिस । केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है और दोनों पक्ष इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक हैं। रक्षा मंत्री सिंह ने पेरिस में फ्रांसीसी सशस्त्र बल मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के साथ अपनी बातचीत के बाद यह बात कही। रक्षा मंत्री ने लेकोर्नू के साथ अपनी मुलाकात को उत्कृष्ट बताया। रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि फ्रांस के सशस्त्र बलों के मंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के साथ एक उत्कृष्ट बैठक हुई। भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी पिछले कुछ वर्षों में गहरी हुई है, और आज पहले से कहीं अधिक प्रासंगिक है। हम इस साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तत्पर हैं। रक्षा मंत्री रोम की यात्रा समाप्त करने के बाद मंगलवार को पेरिस पहुंचे।
राजनाथ ने पेरिस में शीर्ष फ्रांसीसी रक्षा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के एक समूह के साथ बातचीत कर उन्हें भारत में रक्षा साजोसामान के सह-विकास और सह-उत्पादन के लाभों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इन्हें अन्य देशों में निर्यात किया जा सकता है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सिंह ने पेरिस के पास गेनेविलियर्स में सफरान इंजन डिवीजन के आर एंड डी केंद्र का दौरा कर एयरो-इंजन प्रौद्योगिकी में हो रहे नवीनतम विकास को देखा।
भारत और फ्रांस के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंध पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ रहे हैं। जुलाई में भारत और फ्रांस ने अभूतपूर्व रक्षा सहयोग परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें जेट और हेलीकॉप्टर इंजनों का संयुक्त विकास और भारतीय नौसेना के लिए तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बियों का निर्माण शामिल है। दोनों रणनीतिक साझेदारों ने तीसरे देशों के लाभ सहित उन्नत रक्षा प्रौद्योगिकियों के सह-विकास और सह-उत्पादन में सहयोग करने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *