बासमती चावल के निर्यात पर लगाई रोक वापस लेने की मांग

लुधियाना । पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि केंद्र सरकार के बासमती चावल के निर्यात पर लगाया गया प्रतिबंध किसानों के हितों के खिलाफ है और उन्होंने इसे तत्काल वापस लिये जाने की मांग की। यहां पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित किसान मेले के दौरान एक सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने अफसोस जताया ‎कि यह अतार्किक निर्णय किसानों के साथ-साथ व्यापारियों की आर्थिक स्थिति को भी काफी नुकसान पहुंचाएगा। केंद्र सरकार ने बासमती का न्यूनतम निर्यात मूल्य 1,200 डॉलर प्रति टन तय किया है जिससे फसल की घरेलू कीमत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा। एक सरकारी बयान के अनुसार मान ने कहा कि केंद्र सरकार को राज्य के किसानों के हितों की रक्षा के लिए इन सभी प्रतिबंधों को हटाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के मेहनती किसान पहले से ही बीज समेत अन्य कच्चे माल की बढ़ती लागत और कम एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के कारण चौराहे पर खड़े हैं। उन्होंने कहा कि राज्य देश में सबसे ज्यादा बासमती चावल पैदा करता है और केंद्र के इस फैसले से राज्य के किसानों के हितों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *