क्या सोनाली बेंद्रे ने किसान की जमीन हड़पी? पति के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज, जानिए क्या है पूरा मामला
बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाली बेंद्रे और उनके फिल्ममेकर पति गोल्डी बहल कानूनी विवाद में फंस गए हैं। पुणे के एक किसान ने सेलिब्रिटी कपल पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया है। इस बाबत एक सिविल मुकदमा भी दायर किया गया है। पीड़ित किसान ने दावा किया है कि सोनाली और गोल्डी ने ना सिर्फ उनकी जमीन पर कब्जा किया, बल्कि ‘माफिया-स्टाइल’ में धमकी भी दी। हालांकि, इस बीच एक्ट्रेस और उनके वकील ने इन आरोपों को बेबुनियाद और झूठा बताया है। सोनाली बेंद्रे का कहना है कि यह केस उनसे पैसे ऐंठने की एक झूठी कोशिश है।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अदालत में शिकायतकर्ताओं चंद्रकांत बालू शिंदे (50) और उनकी मां कमलबाई (75) ने दावा किया है कि इस मशहूर जोड़ी ने अपने रसूख का इस्तेमाल किया और कथित तौर पर स्थानीय पुलिस की मदद से मावल तालुका के उकसन गांव में उनकी 30 गुंठा (32,000 वर्ग फीट से ज्यादा) जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया। यह केस पिछले महीने वडगांव मावल की एक सिविल अदालत में वकील वनराज शिंदे के जरिए दायर किया गया है। कोर्ट में इस मामले की सुनवाई 24 अप्रैल को होनी है।
दशकों पुराने किरायेदारी के अधिकारों का दावा
अदालत में दर्ज केस के मुताबिक, चंद्रकांत बालू शिंदे का परिवार 1940 के दशक से ही इस विवादित जमीन पर ‘सुरक्षित किरायेदार’ के तौर पर खेती करता आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया है कि 1980 के दशक में बिना किसी सूचना के राजस्व रिकॉर्ड से उनके नाम हटा दिए गए थे। याचिका में कहा गया है कि यह विवाद तब शुरू हुआ जब जमीन के मूल मालिकों ने कथित तौर पर 2012 में यह संपत्ति किसी स्थानीय व्यक्ति को बेच दी। बाद में इस जमीन का एक हिस्सा मार्च 2021 में गोल्डी बहल को बेच दिया गया। मां-बेटे की इस जोड़ी ने इन सौदों को ‘अवैध’ और ‘अमान्य’ बताया है। दावा किया है कि उनके किरायेदारी के अधिकार कभी भी कानूनी तौर पर खत्म नहीं किए गए थे
सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल पर धमकी देने, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
शिकायतकर्ताओं ने अपनी याचिका में धमकाने और अधिकार का गलत इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया है। केस के मुताबिक, 14 दिसंबर 2025 को सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल कथित तौर पर मजदूरों और भारी मशीनों के साथ उस जमीन पर पहुंचे, बिना अनुमति के निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जब कमलबाई ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो कथित तौर पर उन्हें धमकाया गया। शिकायत में आगे यह भी कहा गया है कि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने भी उल्टा शिंदे परिवार को ही चेतावनी दी कि अगर वे उस कपल को ‘परेशान’ करना जारी रखेंगे, तो उन्हें चोरी के झूठे मामलों में फंसा दिया जाएगा।
सोनाली बेंद्रे ने आरोपों से किया इनकार
दूसरी ओर, सोनाली बेंद्रे ने इन आरोपों से इनकार किया। शिंदे परिवार के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए 51 साल की एक्ट्रेस ने कहा कि मावल प्रॉपर्टी से जुड़े जमीन खरीद के किसी भी दस्तावेज में उनका नाम नहीं है।
सोनाली बेंद्रे के वकील बोले- ये पैसे ऐंठने का तरीका
इस मामले को बेबुनियाद बताते हुए एक्ट्रेस के वकील राजू शिंदे ने भी बयान दिया। उन्होंने कहा, ‘यह एक झूठा मामला है, जिसे सिर्फ पैसे ऐंठने के लिए रचा गया है। अब यह मामला अदालत में आगे बढ़ेगा
नब्बे के दशक की पॉपुलर एक्ट्रेस, 1994 में किया था डेब्यू
मुंबई में 1 जनवरी 1975 को पैदा हुईं सोनाली बेंद्रे उन एक्ट्रेसेस में से हैं, जिन्होंने मॉडलिंग के रास्ते फिल्मों में कदम रखा। वह हिंदी के साथ ही तेलुगू फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। 1990 के दशक की सबसे खूबसूरत और पॉपुलर एक्ट्रेसेस में से एक सोनाली ने 1994 में फिल्म ‘आग’ से डेब्यू किया था। उस साल उन्हें ‘न्यू फेस ऑफ द ईयर’ का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। बाद में 1996 में आई ‘दिलजले’ ने उन्हें सफलता का स्वाद दिया।
सोनाली बेंद्रे और गोल्डी बहल: 7 साल डेटिंग के बाद शादी
सोनाली बेंद्रे और फिल्ममेकर गोल्डी बहल की पहली मुलाकात 1994 में ही फिल्म ‘नाराज’ के सेट पर हुई थी। गोल्डी, मशहूर निर्देशक रमेश बहल के बेटे हैं। लंबे समय तक दोस्ती और डेटिंग के बाद दोनों ने 12 नवंबर 2002 को मुंबई में शादी कर ली। उनका एक बेटा है रणवीर, जो शादी के तीन साल बाद 2005 में पैदा हुआ था।
सोनाली बेंद्रे आगे वेब सीरीज ‘राख’ में आएंगी नजर
सोनाली बेंद्रे बड़े पर्दे पर पिछली बार 2025 में ‘बी हैप्पी’ फिल्म में कैमियो करती दिखी थीं। जबकि वह टीवी पर ‘पति पत्नी और पंगा’ के होस्ट के तौर पर नजर आईं। वह OTT पर ‘द ब्रोकन न्यूज’ सीरीज भी कर चुकी हैं। आगे वह एक और सीरीज ‘राख’ में नजर आने वाली हैं
सोनाली बेंद्रे और मेटास्टेटिक कैंसर से लंबी लड़ाई
साल 2018 में 4 जुलाई को सोनाली बेंद्रे ने घोषणा की कि उन्हें मेटास्टेटिक कैंसर है। वह न्यूयॉर्क शहर के एक अस्पताल में अपना इलाज करवा रही हैं। स्टेज 4 कैंसर से एक लंबी और दर्दनाक लड़ाई के बाद 2021 में वह इस जानलेवा बीमारी से मुक्त हुईं।
