देश के 6 और हवाई अड्डों पर शुरू होगी डिजी यात्रा

नई दिल्ली । अगस्त 2023 के महीने से 6 और हवाई अड्डों मुंबई, अहमदाबाद, कोच्चि, लखनऊ, जयपुर और गुवाहाटी में डिजी यात्रा सुविधा शुरू की जाएगी। इन हवाई अड्डों पर डिजी यात्रा बुनियादी ढांचे का कार्यान्वयन और स्थापना चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। 1 दिसंबर, 2022 को नागर विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा तीन हवाई अड्डों, नई दिल्ली, वाराणसी और बेंगलुरु में इसकी शुरुआत के बाद से, डिजी यात्रा को चार और हवाई अड्डों, विजयवाड़ा, पुणे, हैदराबाद और कोलकाता में शुरु किया गया है। इससे डिजी यात्रा सक्षम हवाई अड्डों की संख्या सात हो गई। उपरोक्त छह हवाई अड्डों के जुड़ने से, डिजी यात्रा-सक्षम हवाई अड्डों की कुल संख्या तेरह हो जाएगी। 10 अगस्त 2023 तक 34,60,454 यात्रियों द्वारा डिजी यात्रा का उपयोग किया जा चुका है। उसी तिथि तक, डिजी यात्रा मोबाइल एप्लिकेशन उपयोगकर्ता आधार 1.29 मिलियन था।
डिजी यात्रा एक मोबाइल एप्लिकेशन-आधारित सुविधा है जो फेशियल रिकॉग्निशन टेक्नोलॉजी (एफआरटी) के आधार पर हवाई अड्डों पर यात्रियों की संपर्क रहित, निर्बाध आवाजाही के लिए बनाई गई है। यह यात्रियों को अपनी पहचान प्रमाणित करने और यात्रा विवरण को मान्य करने के लिए चेहरे की विशेषताओं का उपयोग करके कागज रहित और संपर्क रहित आवाजाही के माध्यम से हवाई अड्डों पर विभिन्न जांच चौकियों से गुजरने में मदद करता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *