33 साल तक विधायक रहे डा. गोविंद सिंह ने विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का एलान किया, सिंह ने अपनी हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार बताया

भिंड ।   मप्र के पूर्व नेता प्रतिपक्ष व लहार से पूर्व विधायक डा. गोविंद सिंह ने अब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का एलान कर दिया है। रविवार शाम लहार के फार्मेसी कालेज में आयोजित आभार सभा में सिंह ने कहा कि क्षेत्र के लोग निराश नहीं हों। जब तक हम हैं तब तक दिन-रात आपकी सेवा में खड़े रहेंगे। क्षेत्र की जनता को कभी पीठ नहीं दिखाऊंगा। सिंह ने कहा कि जनता पर होने वाले अन्याय के खिलाफ पूरी ताकत से संघर्ष करूंगा और पूरा साथ दूंगा। लहार की जनता ने मुझे 33 साल तक विधायक बनाया। जनता के प्यार की वजह से तीन-तीन विभागों का मंत्री रहा और मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे। इससे अधिक मुझे कुछ नहीं चाहिए, अब विधायकी का चुनाव भी नहीं लडूंगा। डा. गोविंद सिंह ने अपनी हार के लिए ईवीएम को जिम्मेदार बताया। डा. सिंह ने कहा कि अब विधायक बनकर नहीं बल्कि वर्ष 1980 वाला गोविंद सिंह बनकर जनता के ऊपर होने वाले अत्याचार के खिलाफ सड़क पर उतर कर आंदोलन करूंगा। कार्यकर्ताओं को कभी भी हताश और मायूस नही होने दूंगा। डा. सिंह ने कहा कि आप लोग अपने बीच से जिस नेता को चुनकर आगे लाएंगे हम भी उसी के साथ काम करेंगे।

मशीनों में गड़बड़ी कर चुनाव जीते

डा. सिंह ने कहा कि अब मुझे भी विश्वास हो गया है, कि मशीनों में गड़बड़ी करके चुनाव जीते जा रहे हैं। क्योंकि जब सभी कह रहे थे कि भाजपा गई और कांग्रेस की सरकार आएगी, तब गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि 160 से ज्यादा सीट आएगी। और 163 सीटें आई, मतलब साफ है कि मशीनों में गड़बड़ी करके ही चुनाव जीते जा रहे हैं।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, इफको डायरेक्टर डा.अमित प्रताप सिंह, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष खिजर मोहम्मद कुरैशी, जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, डा .राधेश्याम शर्मा,धर्मेंद्र सिंह उर्फ पिंकी भदौरिया, लहार नपा उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामनारायण हिंडोलिया, पूर्व मंडी अध्यक्ष उदयप्रताप सेंगर, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष देवेंद्र त्रिपाठी, ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय सचिव अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *