स्ट्रीट लाइट मेंटेनेंस में लापरवाही पर ईईएसएल का ठेका निरस्त

रायपुर । नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के कामकाज की समीक्षा में मंत्री शिव डहरिया ने तीखे तेवर दिखाते हुए स्ट्रीट लाइट लगाने और इसकी मरम्मत करने के लिए अनुबंधित एजेंसी ईईएसएल (एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेस लिमिटेड) का ठेका निरस्त करने का निर्देश दिया है। ईईएसएल कंपनी प्रदेशभर में 60 हजार से ज्यादा स्ट्रीट लाइट के संधारण का काम देख रही है।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि रायपुर नगर निगम सहित प्रदेश के अधिकांश निकायों से यह शिकायत आ रही थी कि स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रहा है। इसे ठीक करने के लिए ईईएसएल के अधिकारियों को बार-बार पत्र लिखा गया, लेकिन गंभीरता नहीं दिखाई गई।

समीक्षा बैठक में मंत्री डहरिया के सामने अधिकारियों ने कंपनी की पोल खोली तो उन्होंने सख्ती दिखाते हुए ठेका निरस्त करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं को समय पर पूरा नहीं करने के मामले में चिरमिरी नगर निगम के आयुक्त को कारण बताओ नोटिस और बड़े बचेली के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निलंबित किया गया है।छह माह के बाद प्रस्तावित विधानसभा चुनाव से पहले नगरीय प्रशासन विभाग के कामकाज की समीक्षा शुरू हुई है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई नगर निगम में योजनाओं की राशि जारी कर दी गई है, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की महत्वाकांक्षी योजनाओं और भेंट मुलाकात की घोषणाओं को भी पूरा करने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है।

मंत्री डहरिया ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा विभिन्न् सभाओं, बैठकों एवं कार्यक्रमों में की गई घोषणाओं पर प्राथमिकता से अमल किया जाए। उन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए सीएम द्वारा की गई घोषणाओं और उनके विकास कार्यों के लिए सभी नगरीय निकायों को 10 मई तक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में शहरी क्षेत्रों में पेयजल की कमी और स्ट्रीट लाइट बंद होने की कई शिकायतें मिली थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *