बोत्सवाना से 28 फरवरी को मध्य प्रदेश आएंगे आठ चीते, असम से जंगली भैसा भी लाने की तैयारी
भोपाल। बोत्सवाना से 28 फरवरी को आठ चीते मध्य प्रदेश लाए जाएंगे। चीतों के पुनर्स्थापन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को नई दिल्ली में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने असम से जंगली भैंसा लाने की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने पर भी बात की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास व वन्य जीव संरक्षण की असीम संभावनाएं हैं। श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में चीतों के बाद अब असम का जंगली भैंसा भी मध्य प्रदेश के जंगलों में स्वछंद विचरण करता दिखाई देगा। इसके लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से चर्चा हो चुकी है। 28 फरवरी को बोत्सवाना से आठ चीते लाने की भी तैयारियां चल रही है।
गेहूं उपार्जन की तैयारियां प्रारंभ, केंद्र देगा सहयोग
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से भेंटकर उन्हें प्रदेश में 51 लाख टन से अधिक धान के उपार्जन व मार्च-अप्रैल में की जाने वाले गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीदी की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार 2026 को किसान कल्याण वर्ष मना रही है। केंद्रीय मंत्री ने उपार्जन में सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया। वहीं, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से रेल परियोजनाओं पर चर्चा कर बजट में किए गए प्रविधानों के लिए आभार जताया। दिल्ली प्रवास पर उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल मुरुगन से भी भेंट की।
