भाजपा की जनविरोधी नीतियों से हर वर्ग परेशान, आप सच्चाई का साथ दीजिए – कमल नाथ

भोपाल ।    भाजपा की जनविरोधी नीतियों से आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। प्रदेश में 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी थी। मेरे हाथों में ऐसा प्रदेश सौंपा गया था जो बेरोजगारी, किसानों की आत्महत्या, महिला अत्याचार, कुपोषण और भ्रष्टाचार में नंबर एक का राज्य था। हमने प्रदेश की पहचान बदलने की शुरुआत करते हुए जनहित में कई कदम उठाए थे। आप सच्चाई का साथ दीजिए। यदि सच्चाई को आपने समझ लिया तो आने वाले चुनाव में कांग्रेस का झंडा विधानसभा में लहराएगा। क्या बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने गुरुवार को भोपाल के मुगालिया छाप गांव से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की शुरुआत करते हुए कही। इसके पहले उन्होंने हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
भोपाल जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश और प्रदेश में डर और नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। समाज के हर वर्ग को एक दूसरे से लड़ाने का षड्यंत्र चल रहा है। हमें इससे सतर्क रहते हुए जनता को सच्चाई बताने की जरूरत है। भाजपा गुमराह करने की राजनीति करती है। प्रदेश में 18 साल में भाजपा सरकार ने बेरोजगारी किसानों को लाठियां और भ्रष्टाचार दिया है। महिलाएं और बच्चियां अपराध का शिकार हो रही है। युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं तो किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में आप सब जन-जन को सच्चाई बताएं। कमल नाथ ने कहा कि राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा जिन उद्देश्यों को लेकर निकाली थी, उन्हें बताएं और भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करें। इस दौरान प्रदेश पदाधिकारी चंद्रप्रभाष शेखर, राजीव सिंह, अशोक सिंह पीसी शर्मा, मुकेश नायक, केके मिश्रा, जेपी धनोपिया, महिला कांग्रेस अध्यक्ष विभा पटेल, भोपाल जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अरुण श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *