किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का बेच रहे धान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रही मजबूती

जशपुरनगर। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी का कार्य शासन के निर्देशानुसार सुचारू रूप से जारी है। जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है, जिससे किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज का विक्रय कर सकें।

इसी क्रम में कुनकुरी विकासखण्ड स्थित धान खरीदी केंद्र में ग्राम घटमुंडा निवासी कृषक विजय प्रताप ने बताया कि केंद्र में धान विक्रय के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि आज मैंने आसानी से अपना धान बेचा। केंद्र में साफ-सुथरा और पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया गया, वहीं धान की तौल भी समय पर सुचारू रूप से की गई।

किसान विजय प्रताप ने शासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि धान खरीदी केंद्र में कर्मचारियों द्वारा सहयोगात्मक व्यवहार किया जा रहा है तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित हो रही है। इससे किसानों का समय बच रहा है और अनावश्यक परेशानी से भी राहत मिल रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। धान खरीदी व्यवस्था को सुदृढ़ कर किसानों के मान-सम्मान को बढ़ाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।

उल्लेखनीय है कि शासन द्वारा धान खरीदी कार्य को व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी खरीदी केंद्रों में किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि धान खरीदी कार्य समयबद्ध एवं सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *