जिला अस्पताल में पदस्थ महिला चिकित्सक ने लगाई फांसी, नहीं मिला सुसाइड नोट

झाबुआ ।  जिला अस्पताल में पदस्थ महिला चिकित्सक निशा भायल का शव उनके मकान पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना गुरुवार रात 11 बजे की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चिकित्सक के स्वजन को सूचना दी। शव को पीएम के लिए जिला चिकित्सालय लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार डाक्‍टर निशा भायल शहर के मेघनगर नाके पर किराये के मकान में रहती थीं। गुरुवार की रात उनके स्वजन ने उनको फोन लगाया। जब उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया तो पड़ोस में रहने वाली अन्य महिला चिकित्सक को फोन लगाया गया। महिला चिकित्सक जब निशा के मकान पर पहुंचीं और दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। आसपास के लोगों को बुलाकर खिड़की का कांच तोड़ने पर रूम के अंदर देखा तो निशा फांसी पर झूल रही थी। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा बनाकर स्वजन को सूचना दी।

पेटलावद की रहने वाली थी

डाक्‍टर निशा भायल मूलत: पेटलावद की रहने वाली थीं। छह माह पूर्व जिला अस्पताल में पदस्थ हुई थीं। इनकी मौत का कोई कारण फिलहाल सामने नहीं आया है। महिला के मकान से कोई सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद नहीं किया है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *