फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान ने किए महाकाल के दर्शन

उज्जैन ।  अपनी आगामी फिल्म 'जरा हटके, जरा बचके' की रिलीज से पहले फिल्म अभिनेत्री सारा अली खान ने बुधवार सुबह विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकाल के दर्शन किए। आगामी फिल्म में सारा और विक्की कौशल की जोड़ी दिखाई देंगी। फिल्म रिलीज से पहले सारा अली खान उज्जैन पहुंचीं और सुबह बाबा महाकाल के दर्शन किए। वह भस्म आरती में भी शामिल हुईं। इस दौरान सारा पूरी तरह भक्ति में डूबी दिखाई दीं। वह नंदी हाल में आंखें बंद कर प्रार्थना करती नजर आ रही थीं। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में पहुंचकर जल चढ़ाकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।

इसके बाद उन्होंने कोटि तीर्थ में भी कुछ समय बिताया और जाप किया। इसके बाद वह सुबह सात बजे की आरती में भी शामिल हुईं। सारा अली खान बाबा महाकाल की बड़ी भक्त हैं और इससे पहले कई बार वह यहां आ चुकीं हैं। वह यहां पर पूरे दिन में होने वाली लगभग सभी आरतियों में शामिल हो चुकी हैं। वह केदारनाथ ज्यातिर्लिंग के भी कई बार दर्शन कर चुकीं हैं। फिल्म जरा हटके, जरा बचके की अधिकतर शूटिंग इंदौर और उसके आस-पास की लोकेशंस पर की गई हैं। इस दौरान भी सारा अली खान और विक्की कौशल करीब तीन महीनों तक शहर में रहे थे। सारा इस दौरान भी अपनी मां अमृता सिंह के साथ व कई बार अकेले भी महाकाल के दर्शनों के लिए पहुंची थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *