न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर ने नील वेगनर को लेकर किया बड़ा खुलासा, कहा….. 

न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज रॉस टेलर ने कहा कि तेज गेंदबाज नील वेगनर को संन्यास लेने को मजबूर किया गया। 37 वर्षीय वेगनर ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध पहले टेस्ट से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में संन्यास का ऐलान किया। वेगनर को अंतिम एकादश में नहीं चुना गया था। हालांकि वह पहले टेस्ट में स्थानापन्न खिलाड़ी के तौर पर उतरे और ड्रिंक्स भी लेकर आए।

'वेगनर को किया गया संन्यास के लिए मजबूर'

रॉस टेलर ने एक कार्यक्रम में कहा, "अब समझ में आ रहा है कि वेगनर को संन्यास लेने पर मजबूर किया गया। वेगनर की प्रेस कांफ्रेंस को सुने तो पता चलता है कि वह संन्यास लेने वाला था, लेकिन अंतिम टेस्ट मैच के बाद। वह इस सीरीज के लिए उपलब्ध था। लेकिन पहले टेस्ट के लिए उसे टीम में नहीं चुना गया।"

टेलर ने कहा कि भविष्य के लिए सोचना सही है, लेकिन आस्ट्रेलिया के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में हर हालत में जीत के लिए मैं नील वेगनेर पर भरोसा करता। निश्चित रूप से वेगनर के नहीं खेलने से आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज चैन की सांस ले रहे होंगे।

वेगनर ने अचानक किया संन्यास का एलान

गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के आगाज से पहले न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नील वेगनर ने अचानक संन्यास का एलान करते हुए हर किसी को चौंका दिया था। कीवी बॉलर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान रिटायरमेंट का एलान कर दिया था। वेगनर ने अपना इंटरनेशनल क्रिकेट डेब्यू साल 2012 में किया था। न्यूजीलैंड की ओर से खेले 64 टेस्ट मैचों में वेगनर ने कुल 260 विकेट झटके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *