तीन प्‍लाॅट जोड़कर बना लिया था चार मंजिला अवैध होस्टल, जेसीबी से किया जमींदोज

ग्रीन बेल्ट की जमीन पर तना चार मंजिला अवैध होस्टल नगर निगम की टीम ने जमींदोज कर दिया। सर्वानंद नगर में हुई यह कार्रवाई चार घंटे से ज्यादा समय चली। इस दौरान मामूली विवाद भी हुआ। नगर निगम उपायुक्त लता अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम की टीम शुक्रवार सुबह करीब 6.30 बजे सर्वानंद नगर पहुंची। यहां भरत सोनी नामक व्यक्ति ने 20 बाय 50 के तीन प्लाटों को मिलाकर जी प्लस थ्री (चार मंजिला) इमारत बना ली थी। टीम ने कार्रवाई करते हुए इसे जमींदोज कर दिया है। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन कार्रवाई जारी रही।
 

न नक्शा न अनुमति फिर कैसे तन गई इमारत

जिन तीन प्लाटों को मिलाकर यह इमारत तानी गई थी उनका कुल क्षेत्रफल तीन हजार वर्गफीट है। इतने बड़े भूखंड पर चार मंजिला इमारत तन गई और नगर निगम के अधिकारियों को खबर तक नहीं हुई। भूखंड स्वामी ने न तो नगर निगम से निर्माण की अनुमति ली थी और न ही नक्शा पास करवाया था। एसडीएम जगदीश धनगर ने बताया कि जिस जमीन पर यह अवैध निर्माण किया गया था वह ग्रीन बेल्ट में शामिल है। सहायक रिमूवल अधिकारी बबलू कल्याणे ने बताया कार्रवाई में 20 से ज्यादा निगमकर्मी शामिल थे। दो जेसीबी की मदद से करीब चार घंटे चली कार्रवाई में इमारत को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि जिस अवैध निर्माण को नगर निगम ने जमींदोज किया है वहां भू-स्वामी ने होस्टल शुरू करने की तैयारी कर ली थी। निगम ने आचार संहिता लागू होने से पहले इस संबंध में नोटिस भी दिया था। होस्टल शुरू होने से पहले ही निगम ने कार्रवाई करते हुए इसे जमींदोज कर दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *