पब्जी में दोस्ती फिर प्यार, चार बच्चों को लेकर पाकिस्तान से भारत पहुंची महिला

नई ‎दिल्ली । पति के जुल्म से परेशान होकर एक पाकिस्तानी महिला ने पबजी खेल का सहारा लिया तो उसकी जिंदगी ने एक नया ही मोड़ ले लिया। ऑनलाइन गेमिंग के दौरान एक हिन्दुस्तानी लड़के से हुई दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। पाकिस्तान के कराची में 4 बच्चों संग रह रही सीमा हैदर के सिर पर हिन्दुस्तानी सचिन का प्यार इस कदर सवार हुआ कि उसने सारी सीमाएं लांघ डाली। तीन देशों का बॉर्डर लांघकर वह उम्र में 5 साल छोटे प्रेमी के पास चली आई। नोएडा में दोनों ने किराये के घर में गृहस्थी भी बसा ली। अब शादी की तैयारी में जुटे थे, लेकिन अचानक भेद खुलने से सभी पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गए हैं। 27 साल की सीमा हैदर ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि पाकिस्तान में उसका पति अक्सर मारपीट करता था। पिछले 4 साल से दोनों संपर्क में नहीं थे। इस बीच 2020 में लॉकडाउन के दौरान खाली टाइम में वह मोबाइल पर पबजी गेम खेलने लगी। खेल-खेल में उसकी दोस्ती नोएडा के सचिन से हो गई। ग्रोसरी स्टोर में काम करने वाला 22 साल का सचिन भी उसे दिल दे बैठा। इसी साल मई में सीमा हैदर ने कराची से एक फ्लाइट ली जिसे दुबई होते हुए नेपाल जाना था। चारों बच्चों के साथ सीमा दुबई होते हुए नेपाल के काठमांडू जा पहुंची। यहां से वह पोखरा चली गई। फिर उसने अवैध तरीके से सीमा भी पार कर ली। इसके बाद बस से वह दिल्ली पहुंची। इसके बाद नोएडा आकर सचिन से मुलाकात की। इधर ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में सचिन ने पहले से किराए का एक घर तैयार रखा था। सचिन और सीमा रबूपुरा के घर में एक महीने तक साथ रहे। उन्होंने शादी का प्लान बनाया। 
सीमा ने यहां उसने एक वकील से संपर्क किया। वकील को जब पता चला कि सीमा पाकिस्तानी नागरिक है तो उन्होंने पुलिस को यह सूचना दे दी। सीमा ने वकील को बताया था कि उसका पहला पति सऊदी अरब में रहता है और अक्सर प्रताड़ित किया करता था। उसने यह भी बताया था कि उसका भाई पाकिस्तानी सेना में है। वह जब हैदर वकील के पास पहुंची तो उन्होंने भारतीय वीजा की मांग की जिस पर वह उठकर चली गई। वकील ने अपने सहयोगी को पीछे भेजा और पता लगाया कि वह रबूपुरा में रह रही है। भेद खुलने के डर से सचिन, हैदर और चारों बच्चों ने रबूपुरा छोड़ दिया। पुलिस ने सभी को हरियाणा जा रही बस से नीचे उतारकर हिरासत में लिया है। सीमा हैदर ने पूछताछ में बताया कि भारत आने के लिए उसके पास पैसे नहीं थे। इस वजह से उसने सिंध में अपने पिता का घर 12 लाख रुपए में बेच दिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सीमा हैदर और उसके बच्चे नेपाली वीजा पर काठमांडू पहुंचे थे। इसके बाद अवैध तरीके से भारत में घुसे। सीमा हैदर हर किसी को अपना नाम सिर्फ सीमा बताती थी और खुद को हिंदू के रूप में पेश करती थी। सचिन ने भी रबूपुरा में अपने मकान मालिक से सीमा को अपनी पत्नी बताया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *