5 साल दो, ताकि आपकी समस्याएं खत्म हों : प्रियंका

चित्रकूट/रीवा । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को सतना के चित्रकूट और रीवा में चुनावी सभा की। उन्होंने रीवा में कहा कि मेरी सभा में इंदिरा जी के नारे से मोदी जी नाराज हो जाते हैं। मेरे भाषण में उन्होंने टिप्पणी भी की। आप ही बताइए क्यों आप इंदिरा जी के लिए नारा लगाते हैं। क्योंकि उनका आपसे एक रिश्ता था। उन्हें मामी जी-चाची जी कहने की जरूरत नहीं थी। इससे पहले प्रियंका गांधी ने चित्रकूट में कहा, मप्र सरकार रिश्वतखोरी से चल रही है। सीएम कहते हैं कि हम मामा हैं। रिश्ता निभाने से बनता है, वरना कंस भी मामा है। मुझे मतलब नहीं कोई अपने आपको फकीर बोले, मामा बोले। देश की संपत्ति गिने-चुने लोगों को सौंप दी। मेरे लिए तो आप भ्रष्ट हो। हमें पांच साल दे दो, भारी बहुमत से जिताओ, ताकि कोई हमारी सरकार को फिर से चोरी न कर पाए, ताकि आपको फकीरों से छुटकारा हो, मामा जी से छुटकारा हो और जो आपकी सेवा करता हो, वैसा नेता आपको मिले। कांग्रेस ने हमेशा आपकी हिफाजत की है।
प्रधानमंत्री ने 16 हजार करोड़ के दो हवाई जहाज खरीदे आपके पैसों से। पुराने संसद भवन के सुंदरीकरण के लिए प्रधानमंत्री जी ने 20 हजार करोड़ रुपए खर्च करवाए। ये घोषणा हुई थी कोरोनाकाल में, जब लोग ऑक्सीजन मांग रहे थे। मौतें हो रही थीं। लेकिन ये पैसे स्वास्थ सेवाओं के लिए खर्च नहीं किए। जो कह रहे हैं कि कांग्रेस भ्रष्ट हैं, तो आप क्या हैं?
 प्रियंका ने कहा कि 18 साल से मप्र में भाजपा सरकार है। इसीलिए इनके मन में ये बात बैठ गई है कि हम काम क्यों करें। धर्म के नाम पर वोट मांग लेंगे। आप लोग सोचते हैं धार्मिक इंसान हैं, इसी को वोट देंगे। ये लोग अडानी-अंबानी के हजारों करोड़ के कर्ज माफ करने के लिए नहीं कहते हैं। लेकिन, किसानों से कर्ज चुकता करने के लिए कहते हैं। किसान जब आंदोलन कर रहे थे, तब इनके एक मंत्री ने किसानों को कुचल दिया। बाद में वही मंत्री इनके साथ मंच पर बैठा रहा। ये किसानों से मिलने तक नहीं गए। ये जो आप टीवी पर देखते हैं, मोदी जी-शिवराज जी ने बहुत काम किया, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं है। ये तो आपको भी दिख रहा है कि आपकी कोई समस्या का हल नहीं निकल रहा। फिर कैसे काम हो रहा है। इन्होंने तो मीडिया को अपने कब्जे में ले रखा है कि केवल हमें ही दिखाएं।
प्रियंका ने कहा कि मध्यप्रदेश में इतने सालों में एक भी विश्वविद्यालय और उद्योग नहीं खुले। छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी। कभी नोटबंदी, कभी जीएसटी कभी कुछ। किसान एक दिन का 27 रुपए कमा रहा है। आप कांग्रेस के यहां बैठे नेताओं को 18 साल दे दो। काम नहीं करने पर भी सबक नहीं सिखाओगे तो ये नेता भी बिगड़ जाएंगे। पट्टे आपको इंदिरा जी ने दिए, वो जानती थीं कि जमीन पर काम करने वाले आप हैं। शिक्षा आपको कांग्रेस ने दी। आपके लिए भोजन का अधिकार बनाया। कांग्रेस की ये पुरानी परंपरा है। शिवराज सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की होंगी, केवल 22 ही पूरी कीं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *