गोवा अग्निकांड- पुलिस लूथरा ब्रदर्स को लेकर गोवा रवाना:मंगलवार को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया था; 25 लोगों की मौत के बाद भागे थे

नई दिल्ली, पणजी, गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को गोवा ले जाया जा रहा है। बुधवार सुबह दोनों को गोवा पुलिस के साथ IGI एयरपोर्ट पर देखा गया।दोनों भाईयों को गोवा की कोर्ट में पेश किया जाएगा।

दोनों को मंगलवार को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया था। भारतीय सुरक्षा अधिकारी दोनों भाइयों के साथ मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे। दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस की टीम ने दोनों को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया था।

इसके बाद दोनों की दिल्ली में मेडिकल जांच कराई और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट ट्विंकल चावला ने 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी दी। सौरभ और गौरव लूथरा बिर्च नाइट क्लब के मालिक हैं।

क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे। थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया। आज सुबह उन्हें बैंकॉक से भारत डिपोर्ट किया गया था।

दोनों भाई थाईलैंड में खाना खाने निकले, तभी पकड़े गए

सूत्रों के अनुसार, 9 दिसंबर को थाई अधिकारियों को पता चला कि भारतीय सुरक्षा एजेसियां जिन भाइयों को ढूंढ रही है, वे फुकेट में छिपे हैं। भारतीय एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद थाई अधिकारियों ने पहले ही होटलों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी।

11 दिसंबर को जब दोनों भाई होटल से बाहर खाना खाने के लिए निकले तो थाई इमिग्रेशन और पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान और यात्रा की डिटेल्स वेरिफाई कीं और पकड़ लिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।

लूथरा बद्रर्स ने आग लगने के समय थाईलैंड के टिकट बुक किए थे

जांच एजेंसियों के मुताबिक, सौरभ और गौरव लूथरा ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट उस समय बुक किए, जब गोवा में उनके नाइट क्लब में फायर ब्रिगेड की टीम आग पर काबू पाने और फंसे हुए लोगों को बचाने की कोशिश कर रही थीं।

अधिकारियों ने बताया कि लूथरा भाइयों ने 6 दिसंबर की रात 1:17 बजे ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी की वेबसाइट पर लॉग इन किया था। दोनों सुबह 5:30 बजे इंडिगो फ्लाइट 6E 1073 से दिल्ली से फुकेट के लिए रवाना हो गए।

गोवा पुलिस ने विदेश मंत्रालय और CBI के जरिए इंटरनेशनल क्रिमिनल पुलिस ऑर्गेनाइजेशन (Interpol) से उनकी गिरफ्तारी की अपील की थी। इसके बाद इंटरपोल ने उनके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया था।

लूथरा ब्रदर्स, उनके बिजनेस पार्टनर, मैनेजर और कुछ कर्मचारी दिल्ली के रहने वाले हैं। इसलिए गोवा पुलिस के साथ अब दिल्ली पुलिस भी अग्निकांड मामले की जांच कर रही है। दिल्ली में भी एक केस दर्ज किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *