गोरखपुर: दबिश देकर लौट रही पुलिस की गाड़ी पेड़ से जा टकराई, दरोगा की मौत, 5 पुलिसकर्मी घायल

गोरखपुर: उत्‍तर प्रदेश के गोरखपुर में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पड़ोसी कुशीनगर जिले से दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की गाड़ी रास्‍ते में पेड़ से जा टकराई। घने कोहरे के बीच हुई इस दुर्घटना में एक दरोगा की मौत हो गई, जबकि महिला दरोगा समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी को इलाज के अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक फैल गया।

रामगढ़ताल थाने की एक टीम कुशीनगर के खड्डा इलाके में जालसाजी मामले में दबिश देने गई थी। वापसी में गोरखपुर के श्‍यामदेउरुवा इलाके में पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आ गई थी।

एसएसआई और महिला दरोगा की हालत गंभीर

हादसे में वाहन का अगला हिस्‍सा बुरी तरह क्षतिग्रस्‍त हो गया। स्‍थानीय लोगों ने घायल पुलिसकर्मियों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार का निधन हो गया। एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दरोगा गीता की हालत गंभीर है। मौके पर पुलिस के वरिष्‍ठ अधिकारी पहुंचे हैं। घायलों का इलाज जारी है। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

सुबह 6.30 बजे हुआ हादसा

सीओ कैंट योगेंद्र सिंह का कहना है कि पुलिस टीम जालसाजी मामले में कार्रवाई कर लौट रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे श्‍यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *