सूरज की तेज किरणों से बढ़ी गर्मी, आने वाले दिनों में और बढ़ेगा तापमान

बिलासपुर: अब मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है. धीरे-धीरे ठंड भी कम होने लगी है. वहीं छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है. प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. आने वाले दिनों में तापमान में और 3-4 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 5 दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा. राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है.

तापमान में बढ़ोतरी जारी
आपको बता दें, कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है. बीते दिन सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.8°C दुर्ग में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.1°C अंबिकापुर में रहा. वहीं राजधानी रायपुर में 26 फरवरी यानी आज मौसम साफ रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम तापमान 20°C के आसपास रहेगा.

पश्चिमी विक्षोभ का असर
एक पश्चिमी विक्षोभ 24° उत्तर और 50° पूर्व में 3.1 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है. इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और उससे लगे दक्षिणी पाकिस्तान के ऊपर एक प्रेरित ऊपरी हवा का चक्रवात 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. वहीं प्रदेश के मध्य और उत्तर भागों में 1 मार्च तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है. इसके अलावा बस्तर संभाग के जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 मार्च तक 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है.

उत्तर छत्तीसगढ़ में हल्के बादल की संभावना
उत्तर छत्तीसगढ़ में 2 मार्च से हल्के बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है, लेकिन तब तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा.

जानें प्रदेश में कहां कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, 26 फरवरी को छत्तीसगढ़ के सभी संभागों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में वृद्धि देखने को मिलेगी. बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान 33-35°C और न्यूनतम तापमान 14-16°C के आसपास रहने की संभावना है. रायपुर संभाग में दिन का तापमान 34-36°C और रात का तापमान 18-20°C के बीच रह सकता है. दुर्ग संभाग में अधिकतम तापमान 34-35°C और न्यूनतम तापमान 17-19°C के आसपास रहेगा. सरगुजा संभाग में दिन का तापमान 32-34°C और रात का तापमान 12-14°C रहने की संभावना है. वहीं, बस्तर संभाग में अधिकतम तापमान 32-34°C और न्यूनतम तापमान 16-18°C के आसपास दर्ज किया जा सकता है.

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *