अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के आसार…

रायपुर। अगले पांच दिनों तक छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा होगी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में मानसूनी तंत्र अब और मजबूत हो गया है और अच्छी बारिश के आसार है। एक जून से लेकर 29 जुलाई तक प्रदेश में 487 मिमी वर्षा हुई है,जो सामान्य से 11 फीसद कम है। रायपुर जिले में 634.7 मिमी वर्षा हुई है,जो सामान्य से 29 फीसद ज्यादा है। प्रदेश में अब वर्षा की स्थिति सुधरेगी।

शनिवार सुबह से ही रायपुर सहित प्रदेश भर में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई। शुक्रवार आधी रात को हुई झमाझम बारिश के चलते रायपुर के कई क्षेत्र जलमग्न हो गए। प्रोफेसर कालोनी, भाटागांव, काठाडीह, सेजबहार सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अभी आने वाले चार से पांच दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और विभिन्न क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा के साथ ही बिजली भी गिर सकती है।

यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर ओडिसा और उससे लगे तटीय पश्चिम बंगाल के उपर स्थित है। इसके साथ ही ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से रविवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी।

दुर्ग- भिलाई सहित जिले के कई क्षेत्रों में हुई वर्षा, गर्मी व उमस से मिली राहत

शनिवार को दुर्ग-भिलाई सहित जिले के कई क्षेत्रों में अच्छी वर्षा हुई है। गरज-चमक के बीच करीब घंटेभर हुई वर्षा के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। बादल व बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक रूप से गिरावट भी आई है। वहीं मौसम विभाग ने रविवार को भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को जिले मे कुल 18 मिमी औसत वर्षा हुई है। जिले में अब तक कुल 405.5 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है। शुक्रवार व शनिवार को हुई वर्षा के बाद शिवनाथ नदी में पानी की आवक फिर बढ़ गई है। भू अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार को जिले के धमधा तहसील में सर्वाधिक 35.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं भिलाई 3 तहसील में 29 मिमी, अहिवारा में 27.9 मिमी, दुर्ग में छह मिमी, बोरी में 5.5 एवं पाटन में 5 मिमी वर्षा हुई।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *