हॉलीवुड अभिनेता फॉक्स पर फिर लगा यौन उत्पीड़न का आरोप  

लंदन । हॉलीवुड अभिनेता जेमी फॉक्स नई मुसीबत में फंस चुके हैं। दरअसल, अभिनेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न के मामले में अदालत में जानकारी दाखिल की गई। ऑस्कर विजेता जेमी फॉक्स पर कथित तौर पर 2015 में एक महिला का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगा है। 
महिला ने अभिनेता के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। अदालती दस्तावेजों में महिला की पहचान नहीं जाहिर की गई है। कथित तौर पर महिला ने आरोप लगाया कि फॉक्स ने अगस्त 2015 में न्यूयॉर्क शहर में कैच रेस्तरां की छत पर उनके साथ मारपीट की। फॉक्स ने उन्हें एकांत में कोने में ले जाने के बाद जानबूझकर उनकी अनुमति के बिना उनके निजी अंग को छुआ और उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। मुकदमे में कहा गया है कि एक सुरक्षा गार्ड ने छेड़छाड़ होते देखी, लेकिन गार्ड ने हस्तक्षेप नहीं किया। जब महिला की दोस्त ने देखा तब वह उन्हें बचाने के लिए आई और फॉक्स वहां से चले गए। मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि हमले के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल भी जाना पड़ा। महिला ने दर्द, पीड़ा, भावनात्मक संकट, चिंता और अपमान के लिए मुआवजे की मांग की है। यह पहली बार नहीं है, जब जेमी फॉक्स पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया है। 2018 में मीटू मूवमेंट के दौरान एक महिला ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। यह घटना 2002 में हुई थी, जब एक महिला ने दावा किया था कि वह भी यौन उत्पीड़न की शिकार हुई थीं। हालांकि, अभिनेता ने इन आरोपों से इंकार किया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *