‘मैं भगवान को नहीं मानता, मां मानती थी’, Prakash Raj का रीति-रिवाजों से अंतिम संस्कार पर दो टूक जवाब
दिग्गज एक्टर प्रकाश राज की मां सुवर्णलता राज का बीते मंगलवार, 31 मार्च को निधन हो गया। एक्टर ने ईसाई रीति-रिवाजों से मां का अंतिम संस्कार किया। एक ओर जहां वह दुख के समंदर में हैं, वहीं सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना भी शुरू हो गई। इसकी वजह उनका एक पुराना इंटरव्यू में जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका ‘भगवान में विश्वास नहीं है।’ अब उनका यह वीडियो क्लिप फिर से वायरल हो रहा है। साथ ही चर्च में शोक में परिवार संग बैठे उनकी तस्वीर भी। लोग सवाल उठा रहे हैं कि खुद को ‘नास्तिक’ कहने वाले एक्टर अपनी मां का अंतिम संस्कार पूरे रीति-रिवाजों के साथ करते हैं। अब अपनी बेबाकी के लिए मशहूर प्रकाश राज ने खुद ऐसे आलोचकों को आड़े हाथ लिया है। उन्होंने एक ऐसे ही पोस्ट पर जवाब देते हुए कहा है- हां। मैं भगवान में विश्वास नहीं करता… लेकिन मेरी मां अपने भगवान में विश्वास करती थीं। मैं कौन होता हूं उन्हें उनके विश्वास के अनुसार दफनाए जाने के अधिकार से वंचित करने वाला?
प्रकाश राज का यह जवाब उस X पोस्ट पर आया है, जिसमें उनके पुराने इंटरव्यू क्लिप के साथ कैप्शन में लिखा था, ‘प्रकाश राज खुद को नास्तिक बताते हैं और कहते हैं कि वे भगवान में विश्वास नहीं करते। फिर भी, वे अपनी मां का अंतिम संस्कार ईसाई रीति-रिवाजों के अनुसार करते हैं।’
प्रकाश राज बोले- क्या नफरत फैलाने वाले राक्षस समझेंगे?
भारतीय सिनेमा के मशहूर एक्टर ने गुरुवार सुबह, इस पर दो टूक जवाब देते हुए लिखा है, ‘मैं भगवान में विश्वास नहीं करता… लेकिन मेरी मां अपने भगवान में विश्वास करती थीं। मैं कौन होता हूं उन्हें उनके विश्वास के अनुसार दफनाए जाने के अधिकार से वंचित करने वाला? यह वह बुनियादी सम्मान है जो हम एक-दूसरे को देते हैं। क्या नफरत फैलाने वाले ये राक्षस इस बात को समझेंगे?’
सेक्रेड हार्ट कब्रिस्तान में मां को दफनाया
प्रकाश राज की मां सुवर्णलता राज का 86 साल की उम्र में स्वास्थ्य समस्याओं से जूझने के बाद बेंगलुरु में निधन हुआ। 31 मार्च को ही उनका अंतिम संस्कार ईसाई रीति-रिवाजों के सेंट माइकल चर्च में एक फ्यूनरल मास के साथ किया गया। उन्हें सेक्रेड हार्ट कब्रिस्तान में दफनाया गया। इस मौके पर परिवार के सदस्य और फिल्म जगत के करीबी दोस्त मौजूद थे। चर्च से सामने आई तस्वीरों में प्रकाश के साथ उनके बच्चे- पूजा, मेघना और वेदांत, उनकी पत्नी पोनी वर्मा और भाई प्रसाद राज भी मौजूद थे। अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों में एक्टर अच्युत कुमार भी थे।
नास्तिक होने के सवाल पर ये बोले थे प्रकाश राज
सोशल मीडिया पर प्रकाश राज का जो वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, वह ‘लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू का है। इसमें जब उनसे उनके बिलिफ सिस्टम के बारे में पूछा जाता है, तो वह कहते हैं, ‘मैं भगवान में विश्वास नहीं करता। मेरे पास टाइम नहीं है। क्योंकि भगवान है, इस पर आपको भरोसा है, ना कहने के लिए बहुत सारा ज्ञान चाहिए, जिसके लिए मेरे पास टाइम नहीं है। मैं इस दुनिया में रहता हूं और मैं सिर्फ यहां मौजूद इंसानों को जानता हूं, जो मेरे साथ हैं।’
मां के दिमाग में था सिस्ट, सर्जरी के बाद जाने लगी थी याद्दाश्त
प्रकाश राज ने इससे पहले अपनी मां सुवर्णलता राज की सेहत से जुड़ी समस्याओं के बारे में भी बात की थी। एक्टर ने बताया था कि मां के दिमाग में एक सिस्ट था, जिसकी सर्जरी की जरूरत पड़ी थी। इस ऑपरेशन के कारण उनकी याददाश्त कमजोर हो गई थी। एक्टर ने कहा, ‘इस सर्जरी के बाद वह अपने करीबी परिवार वालों को पहचानने में भी मात खा जाती थीं।
प्रकाश राज ने कहा- मां को अल्जाइमर नहीं था
साल 2018 में डिमेंशिया पर हुए एक इंटरनेशनल सिम्पोजियम में उन्होंने कहा था, ‘मां को अल्जाइमर नहीं था, लेकिन उनके दिमाग में एक सिस्ट थी। सर्जरी के तीन दिन बाद ही, वह अपनी बहन और अपने बेटे को भूल गईं। अपनी मां के सब कुछ भूल जाने के ख्याल से ही मैं सिहर उठा।’ एक्टर ने बताया कि मां को व्यस्त रखने के लिए उन्होंने उनके पुराने स्कूली दोस्तों को उनसे बात करने के लिए बुलाना शुरू किया। इस दौरान उनकी बीमारी के कारण उन्हें और परिवार को कई तरह की भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
5 बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके हैं प्रकाश राज
बेलुगुरु में पैदा हुए प्रकाश राज 61 साल के हैं। वह 5 बार नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीत चुके हैं। मूल रूप से कन्नड़ एक्टर ने तमिल, तेलुगू, मलयालम, हिंदी और अंग्रेजी की 200 से अधिक फिल्मों में काम किया है। बॉलीवुड में उन्होंने साल 2003 में ‘खाकी’ फिल्म से डेब्यू किया था। जबकि ‘वांटेड’ और ‘सिंघम’ ने उन्हें हिंदी सिनेमा में पॉपुलर बना दिया।
‘जन नायकन’, ‘डकैत’, ‘वाराणसी’, ‘स्पिरिट’ की रिलीज का इंतजार
वर्कफ्रंट की बात करें तो प्रकाश राज को हिंदी सिनेमा में पिछली बार धनुष और कृति सेनन की ‘तेरे इश्क में’ देखा गया था। आगे वह थलपति विजय की पॉलिटिकल एक्शन ड्रामा ‘जन नायकन’ में नजर आएंगे, जो एक्टर विजय की आखिरी रिलीज होगी। सेंसरशिप से जुड़े मुद्दों के कारण यह फिल्म अभी तक रिलीज नहीं हुई है। इसके अलावा उनकी ‘डकैत’, ‘वाराणसी’, ‘स्पिरिट’ भी रिलीज होने वाली है।
