भोपाल में अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी ने पीड़िता पर कैंची से किया जानलेवा हमला

भोपाल। कोलार इलाके में सोमवार रात एक युवती पर उसके पुराने परिचित और अपहरण व दुष्कर्म के आरोपित युवक ने कैंची से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

सैलून की दुकान चलाता था सोनू

जानकारी के मुताबिक, 22 वर्षीय पीड़िता मूलत: बैरसिया की रहने वाली है और इस समय भोपाल के सुभाष नगर इलाके में रहकर पढ़ाई कर रही है। 28 वर्षीय आरोपित सोनू सेन मूलत: कजलीखेड़ा, कोलार रोड का निवासी है। वर्ष 2019 में जब युवती नाबालिग थी, तब सोनू ने उसे बहला-फुसलाकर उसका अपहरण कर लिया था। उस समय सोनू बैरसिया में अपनी बहन-बहनोई के पास रहकर सैलून की दुकान चलाता था।

बातचीत करने के बहाने ले गया

करीब पांच वर्ष बाद वर्ष 2024 में युवती अपने परिजनों के पास लौटी और बैरसिया थाने में सोनू के खिलाफ अपहरण व दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर सोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वह जुलाई 2024 में जमानत पर जेल से बाहर आ गया था। तब से वह पीड़िता के आसपास मंडराता रहता था। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात सोनू युवती को बातचीत करने के बहाने कजलीखेड़ा स्थित क्यूरिट हाइट्स के पास ले गया।

लहूलुहान अवस्था में छोड़कर भाग निकला

रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद सोनू ने कैंची से युवती पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवती वहीं गिर पड़ी। आरोपित उसे लहूलुहान अवस्था में छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *