जांजगीर-चांपा में शराबी पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या, आरोपी पति फरार…

छत्तीसगढ़ : जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पति संपत सारथी (48 वर्ष) फरार चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए हैं। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, जोगीडीपा के वार्ड नंबर 1 में संपत सारथी अपनी पत्नी सुरेखा सारथी (45 वर्ष) और 2 बच्चों के साथ रहता है। पति संपत को शराब पीने की बुरी लत है, जिसके कारण उनके बीच आए दिन विवाद होता रहता था। वो बच्चों के साथ भी शराब पीकर मारपीट करता था। परिवार ने कई बार इस बात की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन मामले का कोई समाधान नहीं निकला।

शुक्रवार को भी दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने अपनी पत्नी के चेहरे पर कुल्हाड़ी से 2-3 बार बेरहमी से जानलेवा वार किया। जिससे मौके पर ही पत्नी सुरेखा की मौत हो गई। शिवरीनारायण थाना प्रभारी रविंद्र अनन्त ने बताया कि आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो आंगन में शव पड़ा हुआ था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अक्सर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था, जिसकी शिकायत भी थाने में की गई थी। दोनों को समझाया-बुझाया भी गया था। दो-चार दिन आरोपी ठीक रहता था, लेकिन इसके बाद वो फिर से मारपीट और झगड़ा शुरू कर देता था। आरोपी के दो बच्चे हैं, जिसमें 14 साल का बेटा और 16 साल की एक बेटी है। आरोपी पति संपत सारथी और सुरेखा सारथी झाड़ू, सूप, टुकनी बेचने का काम करते थे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *