अगले चार दिनों में छत्‍तीसगढ़ में गिरेगा तापमान और होगी बारिश….

रायपुर। अब दक्षिण पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्से और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून आगे बढ़ा है। इसके चलते छत्‍तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदलेगा और आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश होगी और बिजली भी चमकेगी। शनिवार को प्रदेश में सक्ती सर्वाधिक गर्म रहा। एआरजी सक्ती का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शनिवार सुबह से शाम तक रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहे। लेकिन इससे उमस व गर्मी से राहत नहीं मिली और उमस में बढ़ोतरी हुई, हालांकि दोपहर बाद हल्की बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने के आसार है।

मालूम हो कि इस वर्ष केरल में मानसून आठ दिन विलंब से आया है, इसे देखते हुए छत्‍तीसगढ़ में भी मानसून आठ दिन विलंब से आने की संभावना है। संभावना जताई जा रही है कि 21 जून को मानसून जगदलपुर में और 24 जून को रायपुर में प्रवेश करेगा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मानसून की रफ्तार और ज्यादा रही तो मानसून इन तारीखों से पहले भी पहुंच सकता है।

रायपुर में दिन के साथ ही रात का तापमान भी बढ़ता जा रहा है। शनिवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *