दुनिया के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म का उद्घाटन आज, लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी

बैंगलोर: पीएम नरेंद्र मोदी आज रविवार (12 मार्च) को कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान पीएम मोदी लगभग 16,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसी के साथ पीएम मोदी आज दुनिया के सबसे लंबे रेलवे प्लेटफॉर्म को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. पीएम मोदी कर्नाटक के हुबली-धारवाड़ पहुंचेंगे. यहीं, श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली स्टेशन पर पीएम मोदी देश के सबसे लंबे प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करेंगे. 

रिपोर्ट के अनुसार, 1507 मीटर लंबे प्लेटफॉर्म को करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है. यह विश्व का सबसे लंबा प्लेटफॉर्म होगा, जो कि श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी हुबली स्टेशन पर बनाया गया है. इस प्लेटफॉर्म का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी शामिल किया गया है. बता दें कि, हुबली रेलवे स्टेशन कर्नाटक के दूसरे सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में गिना जाता है. ये स्टेशन मुख्यता, हुबली से बेंगलुरु, हैदराबाद, मुंबई और गोवा को जोड़ता है. 

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 12 बजे पीएम मोदी मांड्या में प्रमुख सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इसके बाद करीब सवा 3 बजे वे हुबली-धारवाड़ में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. बता दें कि, इस साल पीएम मोदी का यह छठवां कर्नाटक दौरा है. सूबे में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं. बता दें कि, पीएम मोदी आज बेंगलुरु-मैसूर एक्सप्रेसवे भी देश को समर्पित करेंगे. ये एक्सप्रेसवे 8480 करोड़ रुपये के खर्च से बना है और 118 किलोमीटर लंबा है. इसके साथ ही बेंगलुरु-मैसूर के बीच यात्रा का वक़्त तीन घंटे से घटकर महज 75 मिनट हो जाएगा.
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *