रंगपंचमी की रात वारदात:गुजरात के व्यापारी भाइयों से चाकू की नोंक पर 55 लाख लूटे

भोपाल, रंगपंचमी की रात श्यामला हिल्स के स्मार्ट सिटी रोड पर अपनी एक्टिवा से लौट रहे दो व्यापारी भाइयों से बदमाशों ने चाकू की नोंक पर 55 लाख रुपए लूट लिए। दोनों भाई हनुमानगंज क्षेत्र से रकम कलेक्शन कर चूना भट्टी स्थित अपने घर जा रहे थे। साइंस सेंटर से पहले रात करीब 9.30 बजे दो एक्टिवा सवार चार बदमाशों ने उनका पीछा कर गाड़ी रुकवाई और बैग छीनकर फरार हो गए। श्यामला हिल्स पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

कैसे दिया लूट को अंजाम… बदमाशों ने श्यामला हिल्स में दोनों भाइयों की गाड़ी रुकवाई और फरार हो गए

हनुमानगंज से रकम लेकर निकले मेहसाणा, गुजरात निवासी 27 वर्षीय तारक बरोठे अपने भाई के साथ हनुमानगंज इलाके से 55 लाख रुपए कलेक्शन कर एक्टिवा से चूना भट्टी घर लौट रहे थे। यह रकम उन्होंने भोपाल में प्रॉपर्टी खरीदने के लिए व्यापारियों से जुटाई थी।

स्मार्ट सिटी रोड पर पीछा किया दोनों भाई पॉलीटेक्निक चौराहा से स्मार्ट सिटी रोड होते हुए चूना भट्टी जा रहे थे। इसी दौरान दो एक्टिवा पर आए चार बदमाशों ने उनका पीछा शुरू कर दिया और साइंस सेंटर के पास पहुंचते ही तारक और उनके भाई की गाड़ी रुकवा ली।

चाकू दिखा पैसों से भरा बैग छीना साइंस सेंटर से कुछ दूर पहले ही रात करीब 9.30 बजे बदमाशों ने चाकू की नोंक पर दोनों भाइयों को धमकाया और उनके पास रखा बैग छीन लिया। बैग में हनुमानगंज से कलेक्शन किए गए 55 लाख रुपए रखे हुए थे।

वारदात के बाद दोनों भाई थाने पहुंचे घटना के बाद दोनों भाई सीधे श्यामला हिल्स थाने पहुंचे और लूट की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज किया है और जहां से रकम जुटाई गई थी वहां के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लगा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *