बिना वीजा थाईलैंड जा सकेंगे भारतीय

बैंकॉक । अपनी इकोनॉमी को बूस्ट देने के लिए थाईलैंड ने भारत और ताइवान के नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया है। भारतीय 10 नवंबर, 2023 से 10 मई, 2024 तक बिना वीजा के थाईलैंड जा सकते हैं और 30 दिनों तक वहां रह सकते हैं। टूरिज्म सीजन से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से थाईलैंड को ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
थाई सरकार के प्रवक्ता चाई वाचरोन्के ने कहा कि इस स्कीम से 14 लाख अतिरिक्त पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इससे अतिरिक्त 1.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 12 हजार करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट होगा। वहीं प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने कहा, हम भारत और ताइवान के नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री देंगे क्योंकि उनके बहुत से लोग थाईलैंड की यात्रा करना पसंद करते हैं।
अब तक, भारतीय और ताइवानी पर्यटकों को इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर 15 दिनों के वीजा ऑन अराइवल के लिए आवेदन करना पड़ता था। इससे पहले सितंबर में उसने चीनी नागरिकों के लिए भी वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया था। 2019 में थाईलैंड घूमने के लिए सबसे ज्यादा लोग चीन से पहुंचे थे। थाईलैंड के रिकॉर्ड 3.9 करोड़ अराइवल्स में से 1.1 करोड़ अराइवल चीन के थे।
जनवरी-अक्टूबर के बीच 2.2 करोड़ पर्यटक पहुंचे थाईलैंड
इस साल जनवरी-अक्टूबर के बीच थाईलैंड में 2.2 करोड़ पर्यटक आए। इन पर्यटकों से थाईलैंड को $25.67 बिलियन यानी करीब 2.1 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्यू मिला। इनमें से लगभग दस लाख रूसी पर्यटक थे। वहीं जनवरी-सितंबर के बीच 12 लाख भारतीयों ने थाईलैंड विजिट किया। थाईलैंड जाने के मामले में मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया के बाद भारत चौथा नंबर पर है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *