भारत से पानी लेकर सिंधु नदी पाकिस्तान में मचा रही तबाही, पंजाब में जलप्रलय जैसे बने हालात, हजारों लोग हुए बेघर

इस्लामाबाद: भारत से होकर बहने वाली सिंधु नदी ने पाकिस्तान में प्रलय जैसे हालात बना दिए हैं। भारी बारिश के कारण सिंधु नदी पूरे उफान पर है, जिसके चलते पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के निचले इलाकों में रहने वाले हजारों लोगों घर-बार छोड़कर भागना पड़ा है। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सिंधु नदी के जलस्तर में आई अचानक वृद्धि ने लय्या-तौंसा पुल को सहारा देने के लिए सभी सुरक्षात्मक गाइड बांध और तटबंधों को बहा दिया है। इसके चलते नदी का पानी किनारे के गांवों में घुस गया है।

बाढ़ में घर मलबे में तब्दील

पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, भीषण बाढ़ ने कई इलाकों में मिट्टी के घरों और भारी मात्रा में कृषि भूमि को नष्ट कर दिया है, जिससे परिवारों को विस्थापित और बेघर होने के लिए मजूबर होना पड़ा है। नदी में आई बाढ़ के चलते लोगों को अपने साथ ही मवेशियों को बचाने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।

डॉन ने बताया कि पिछले 24 घंटे में सरगोधा (55 मिमी) और फैसलाबाद (31 मिमी) समेत अन्य शहरों में भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं, रावलपिंडी, लाहौर और गुजरांवाला जैसे शहरों में भी अच्छी बारिश हुई है। तौंसा के कई गांवों में घर बारिश और बाढ़ के चलते मलबे में तब्दील हो गए हैं। इन इलाकों में हजारों एक फसल पानी में डूब गई और पूरी तरह बर्बाद हो गई।

स्थानीय प्रशासन पर फूट रहा गुस्सा

बाढ़ के साथ ही स्थानीय प्रशासन की नाकामी भी सामने आ गई है,जिस पर लोगों का गुस्सा फूट रहा है। स्थानीय निवासियों ने सरकार पर उन्हें आपदा में मरने के लिए छोड़ देने का आरोप लगाया है। नदियों और बांधों के अधिकतम क्षमता के करीब पहुंचने के कारण पाकिस्तान के प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पूरे पंजाब में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, पाकिस्तान ने बताया है कि जून के आखिरी सप्ताह के बाद से अब तक बारिश और बाढ़ की घटनाओं में 700 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *