भोपाल में शादी का झांसा देकर इंटीरियर डिजाइनर से दुष्कर्म, जिम ट्रेनर के खिलाफ FIR
भोपाल। शाहपुरा पुलिस ने शादी का वादा कर दुष्कर्म करने के मामले में एक जिम ट्रेनर के विरुद्ध केस दर्ज किया है। ट्रेनर ने जिम में एक्सरसाइज करने वाली एक इंटीरियर डिजाइनर से दोस्ती की और फिर शादी का वादा कर सालभर तक उससे संबंध बनाए। इसके बाद वह शादी करने से मुकर गया। शिकायत पर शाहपुरा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस का क्या कहना है
थाना प्रभारी संतोष मरकाम ने बताया कि 25 वर्षीय पीड़िता पेशे से इंटीरियर डिजाइनर है और इसी क्षेत्र में रहती है। वह शाहपुरा के एक जिम में एक्सरसाइज करने जाती थी। इसी दौरान जिम में ट्रेनिंग देने वाले कुनाल पंथी से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और फिर कुनाल ने शादी का वादा कर उससे कई बार संबंध बनाए। जब पीड़िता ने कुनाल पंथी पर शादी का दबाव बनाया तो वह मुकर गया, जिसके बाद उसने शाहपुरा पुलिस से शिकायत की है।
