IPL Final 2023: पहली बार रिजर्व-डे पर मिलेगा IPL चैंपियन, किसके सिर सजेगा ताज?

IPL Final 2023: बारिश से बाधित आईपीएल 2023 का खिताबी मुकाबला अब रिजर्व-डे में पहुंच चुका है। आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि खिताबी मुकाबला रिजर्व-डे में पहुंचा है। इससे पहले सभी फाइनल के नतीजे तय दिन और 20-20 ओवर के पूरे मैच के बाद आए थे। फाइनल में चार बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के सामने डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस की चुनौती होगी।

यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। समय की बात करें तो मैच अपने तय समय शाम साढ़े सात बजे ही शुरू होगा, जबकि टॉस उस से आधे घंटे पहले यानी शाम सात बजे होगा। पिछले 60 दिनों में फैंस को झमाझम क्रिकेट का आनंद मिला और लीग में कुल 73 बेहद दिलचस्प मुकाबले खेले गए। लीग राउंड और प्लेऑफ को मिलाकर फाइनल से पहले सिर्फ एक मैच बारिश की वजह से रद्द हुआ था। वह मैच चेन्नई और लखनऊ के बीच इकाना स्टेडियम में होना था।

फाइनल दूसरा मैच है जिसमें बारिश ने खलल डाला और एक पूरे दिन का खेल निकल गया। हालांकि, आज चाहे बारिश हो या मैच रद्द हो, चैंपियन मिलना तय है। आज ही दुनिया के इस सबसे बड़े लीग का सफर समाप्त हो जाएगा। आईपीएल 2019 के बाद पहली बार आईपीएल होम और अवे फॉर्मेट में लौटा। यह सीजन सुपरहिट रहा और लीग राउंड में आखिरी मुकाबले तक प्लेऑफ की टीमें फाइनल नहीं हुईं।

इस सीजन की शुरुआत अहमदाबाद में ही चेन्नई और गुजरात के बीच मैच से हुई थी और समापन भी उसी मैच से हो रहा है। यह भी आईपीएल इतिहास में पहली बार हुआ है। अब यह देखने वाली बात होगी कि कौन सी टीम बाजी मारती है। हालांकि, पहला दिन बारिश से धुलने के बाद अब रिजर्व-डे पर भी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।  देश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कुछ दिनों में बारिश हुई है और यह आईपीएल 2023 के सबसे महत्वपूर्ण मैच को प्रभावित कर रहा है। एक्यूवेदर (Accuweather) की रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद में रविवार शाम बारिश होने की संभावना थी। रविवार को शाम को बारिश की 40 फीसदी संभावना थी और इसने दिन का पूरा खेल बिगाड़ दिया। 

सोमवार को शाम चार बजे से छह बजे के बीच बारिश के आसार हैं। हालांकि, रविवार को भी शाम सात बजे के बाद बारिश की कम संभावना थी, लेकिन बारिश हुई और मैच को बिगाड़ दिया। अब यह देखने वाली बात रहेगी कि सोमवार की क्या स्थिति रहती है। रिपोर्ट के मुताबिक, शाम चार बजे से छह बजे तक 40 से 50 प्रतिशत बारिश के आसार हैं। शाम सात बजे से आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। ऐसे में समय पर टॉस हो सकता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *